{"vars":{"id": "125128:4947"}}

करोड़ों की जीएसटी घोटाले का आरोपित और 50 हजार का इनामिया बलदेव यूपी STF के हत्थे चढ़ा

इण्डिया टूडे के प्रोग्राम लल्लन टॉप के पत्रकार सौरभ द्विवेदी के पैन कार्ड पर बनाई गयी फर्जी फर्म से कर ली थी करोडों की जालसाजी

 

हरियाणा के हिसार का रहनेवाला है बलदेव उर्फ बल्ली

वाराणसी, भदैनी मिरर। करोड़ों के जीएसटी घोटाले के मामले में यूपी एसटीएफ ने गुरूवार को गौतमबुद्धनगर के थाना सेक्टर-20 कमिश्नरेट से 50 हजार के इनामी बलदेव उर्फ बल्ली की गिरफ्तार कर लिया। बलदेव उर्फ बल्ली पुत्र सतेन्द्र कुमार हरियाणा के हिसार जिले के थाना एचटीएम क्षेत्र के डोगरान मोहल्ले का निवासी है। एसटीएफ ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर उसे हिसार के रविदास चौक, डोगरान मौहल्ला से ही गिरफ्तार भी किया है। 

फरार और पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ की टीम गठित की गई हैं। टीम हिसार में मौजूद थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि 50 हजार का इनामिया बलदेव अपने घर में मौजूद है। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में 38 वर्षीय बलदेव उर्फ बल्ली ने बताया उसने वर्ष 2012 में पंजाब यूनिवर्सिटी से एमबीए किया है। वह मूलरूप से जनपद हिसार, हरियाणा का रहने वाला है। उसने वर्ष 2012 में हिसार में मेडिकल स्टोर खोला था। परन्तु उसमें कोई लाभ न होने के कारण मेडिकल स्टोर को बन्द कर दिया। उसके बाद वर्ष 2014 में हिसार में रहकर पुरानी गाडियों की खरीद-फरोख्त का काम करने लगा। इसी दौरान दिल्ली का रहने वाला अर्चित गोयल पुरानी गाडी को खरीदने आया था। फिर उससे उसकी जान पहचान हो गयी। इसके बाद बलदेव ने पैसों के लालच में आकर अर्चित गोयल के साथ जीएसटी फ्रॉड करने का काम करना शरू कर दिया था।

उल्लेखनीय है कि अभियुक्त बलदेव उर्फ बल्ली ने अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर विभिन्न व्यक्तियों के पैन कार्ड नम्बर प्राप्त किये और उन व्यक्तियों के पैनकार्ड पर जीएसटी रजिस्टर्ड करा ली। इन पैन काडों पर बनाई गयी 3500 से अधिक फर्जी फर्मों में करोडों रूपये के जीएसटी इन्वाइस काटकर टैक्स इनपुट लिया गया। फिर ई-वे बिल तैयार करके करोडों रूपयों की जीएसटी चोरी की। यह जीएसटी घोटाला पन्द्रह हजार करोड़ रूपये से अधिक का होने की जानकारी प्राप्त हुई है। इण्डिया टूडे न्यूज चैनल के प्रोग्राम लल्लन टॉप में कार्यरत पत्रकार सौरभ द्विवेदी के पैन कार्ड पर बनाई गयी फर्जी फर्म से करोडों रूपये की जीएसटी चोरी करने की सूचना पर सौरभ द्विवेदी ने थाना सेक्टर 20 कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में मुकदमा दर्ज कराया था। जांच के दौरान इस गैंग के कई अन्य सदस्य गिरफ्तार किये गये थे। इसके अलावा इस गैंग के सदस्यों के विरूद्ध अन्य मुकदमें भी पंजीकृत हुए थे। गैंगस्टर एक्ट की कार्यवाही भी हुई, लेकिन किसी भी अभियोग में बलदेव उर्फ बल्ली की गिरफ्तारी नही हो पाई थी। इसकी गिरफ्तारी के लिए कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने 50,000 रूपये का इनाम घोषित किया था। इसके खिलाफ वर्ष 2023 में सैक्टर-20 गौतमबुद्धनगर थाने में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।