{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Badaun News: "फूलन देवी बनकर एक-एक से बदला लूंगी", बदायूं में झोपड़ी जलने पर युवती की पुलिस को खुली चुनौती

बदायूं के लभारी गांव में जमीन पैमाइश विवाद के बीच जली झोपड़ी; युवती का वीडियो वायरल होने पर हड़कंप, लेखपाल की तहरीर पर 9 पर एफआईआर।

 

बदायूं/वाराणसी (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ जमीन पैमाइश विवाद के दौरान एक झोपड़ी में आग लग गई। घटना के बाद जलती हुई झोपड़ी के सामने खड़े होकर एक युवती का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह पुलिस और प्रशासन पर आरोप लगाते हुए "फूलन देवी बनकर एक-एक से बदला लेने" की चेतावनी दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।

यह पूरा मामला बदायूं जिले के कादरचौक थाना क्षेत्र अंतर्गत लभारी गांव का है।

जमीन की पैमाइश और नींव उखाड़ने से शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को गांव की नन्हीं देवी की शिकायत पर हल्का लेखपाल धीरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ गांव में जमीन की पैमाइश करने पहुंचे थे। पैमाइश के बाद शिकायतकर्ता को उनके रकबे की जानकारी दी गई, जिस पर प्रतिपक्षी बलवीर, रामप्रसाद और चमन ने सरकारी काम में बाधा डालते हुए विरोध किया।

इसके बाद 30 सितंबर को जब नन्हीं देवी ने पैमाइश की गई जगह पर नींव भरवाई, तो आरोप है कि उसी रात विपक्षी पक्ष ने नींव उखाड़कर फेंक दी।

राजस्व टीम की जांच के दौरान झोपड़ी में लगी आग

नींव उखाड़े जाने की सूचना पर 1 अक्टूबर को राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम स्थलीय निरीक्षण के लिए गांव पहुंची। लेखपाल द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक, जांच के दौरान कुछ ग्रामीणों ने फिर से सरकारी काम में बाधा डाली। आरोप है कि हरदेव नामक व्यक्ति के उकसाने पर अमरवती, गंगाश्री, ओमपाल और घमंडी ने रामप्रसाद की एक जर्जर खाली झोपड़ी में आग लगा दी।

वायरल वीडियो में युवती ने क्या कहा?

झोपड़ी में आग लगने के बाद एक युवती का जलती झोपड़ी के सामने बनाया गया वीडियो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में युवती पुलिस-प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए आक्रोश में कह रही है कि वह "फूलन देवी बनकर अपने साथ हुए अन्याय का एक-एक व्यक्ति से बदला लेगी।"

वहीं, मीडिया से बात करते हुए युवती ने कहा, "मुझे केवल न्याय चाहिए। रास्ते में जितनी हमारी जमीन है वह हमें दी जाए। झोपड़ी में हमारा काफी सामान रखा था जो पूरी तरह जलकर खाक हो गया है।"

लेखपाल की तहरीर पर 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए हल्का लेखपाल धीरेंद्र सिंह की तहरीर पर कादरचौक पुलिस ने 9 लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, उपद्रव करने और आगजनी के आरोपों में केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस द्वारा बलवीर, रामप्रसाद, चमन, हरदेव, ओमपाल, घमंडी, गंगाश्री, अमरवती और राजवीर को नामजद कर कानूनी जांच व कार्रवाई शुरू कर दी गई है।