{"vars":{"id": "125128:4947"}}

बदायूं में आसमान से गिरा 50 किलो का बर्फ का गोला; ईंट भट्ठे पर काम कर रहे मजदूर बाल-बाल बचे

दीननगर शेखपुर गांव में आसमान से गिरे भारी बर्फ के गोले से मचा हड़कंप, प्रशासन जांच में जुटा

 

बदायूं। जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र के दीननगर शेखपुर गांव में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव के बाहर संचालित एक ईंट भट्ठे पर अचानक आसमान से लगभग 50 किलो वजनी बर्फ का बड़ा गोला आ गिरा। यह घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है, जब भट्ठे पर कई मजदूर काम में व्यस्त थे।

गिरते ही बर्फ का गोला तेज धमाके के साथ चारों ओर बिखर गया। गनीमत यह रही कि कोई भी मजदूर इसकी चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद मजदूर और ग्रामीण भयभीत हो उठे।

SDM ने पुलिस टीम भेजकर कराया निरीक्षण

सूचना पर बिल्सी के एसडीएम प्रेमपाल सिंह ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। प्राथमिक जांच में पुष्टि हुई कि बर्फ का गोला आकार में बेहद बड़ा था और अचानक गिरने से गंभीर खतरा पैदा हो सकता था।

फिलहाल प्रशासन यह जांच कर रहा है कि इतनी भारी मात्रा में बर्फ आसमान से कैसे और कहां से गिरा।

चश्मदीदों ने बताया-“गिरते ही गूंज गई तेज आवाज”

स्थानीय ग्रामीण सोमेंद्र यादव ने बताया कि बर्फ का टुकड़ा आकार में बड़े पत्थर जैसा था। गिरते ही तेज धमाके की आवाज आई और वह पूरा बिखर गया। मजदूर वीर सिंह ने कहा कि वह कुछ ही दूरी पर ईंटें जमा कर रहे थे—
“अगर यह थोड़ा भी इधर-उधर गिरता तो हम में से कोई भी बच नहीं पाता।”

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने आज तक ऐसा नज़ारा नहीं देखा था।