{"vars":{"id": "125128:4947"}}

आजमगढ़ में विवाद सुलझाने गई पुलिस टीम पर हमला, महिलाओं समेत 17 गिरफ्तार

थाना प्रभारी समेत आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल, गंभीर धाराओं में दर्ज की गई रिपोर्ट

 

बर्रा गांव में मारपीट की सूचना पर पहुंची थी पुलिस, हमलावरों ने पीआरवी की गाड़ी पर किया पथराव

आजमगढ़, भदैनी मिरर। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के बर्रा गांव में मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को घेरकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया गया। शुक्रवार को हुई इस घटना से अफरातफरी मच गई। इस हमले में थानेदार समेत आधा दर्जन पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। हमलावरों ने सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने 17 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त डंडे और ईंट बरामद किये गये हैं।

जानकारी के अनुसार बरदह थाना क्षेत्र के बर्रा गांव सोनू राजभर शुक्रवार की रात अपने जीजा सूर्यभान राजभर, गांव के प्रमोद राजभर, राना राजभर और अजय राजभर के साथ अपनी गाड़ी से चकवा बाजार से घर लौट रहे थे। रास्ते में मनकू राजभर के घर के पास पहले राम आसरे राजभर के घर आई बारात में हुए विवाद को लेकर, गांव के ही शिवा राजभर, शुभम, विकास, सूरज, शिवमूरत, संगम, मनकू की पत्नी और तीन अज्ञात व्यक्तियों ने सड़क पर लकड़ी का बल्ली रखकर उनकी गाड़ी रोक ली। आरोपितों ने सोनू और उनके साथियों पर हमला कर दिया। मना करने पर हमलावरों ने एकजुट होकर लाठी-डंडों और ईंटों से गाड़ी पर हमला किया। इसके बाद बर्रा गांव निवासी राममिलन ने इसकी सूचना पुलिस को डायल 112 पर दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने विवाद को सुलझाने का प्रयास किया।

 इसी दौरान बर्रा गांव के शिवा राजभर, शुभम, विकास, सूरज, शिवमूरत, संगम, फूलमति ने पीआरवी की गाड़ी को रोक लिया। इसके बाद मार्ग अवरुद्ध कर ईंट- पत्थर चलाकर पीआरवी की गाडी को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पीआरवी की सूचना पर थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह, कांस्टेबल वाल्मिकी निषाद, अनिल सरोज, राजेन्द्र कुशवाहा, आशुतोष वर्मा मय वाहन पहुंचे। एसएसआई सुरेश चन्द मिश्रा, एसआई संजय कुमार, कांस्टेबल ललित सरोज, हेड कांस्टेबल विह्गल यादव भी पहुंचे। इसी बीच फूल चन्द, सर्वेश, लकी, गौतम, आकाश, रिंकू, विपिन राजभर, चन्द्रेश राजभर, रीतिक राजभर, राकेश राजभर, विशाल, मनोज, शर्मिला, सीमा, रीमा, कौशल्या, बुद्धू राजभर व अन्य 25-30 लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया।

इसके बाद सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त करने के साथ ही ईंट-पत्थर व लाठी डण्डे से पुलिसवालों पर हमला कर दिया गया। अफरातफरी मच गई। डर के मारे कई लोग भागकर घरों में छिप गये। पथराव से थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह के सिर व शरीर के अन्य भागों पर गम्भीर चोटे आयी हैं। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा एसआई संजय कुमार, हेड कांस्टेबल विह्गल यादव, कांस्टेबल ललित सरोज, अनिल सरोज, वाल्मिकी को भी गम्भीर चोटें आयी हैं। इस सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद आरोपितों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

अब शनिवार को पुलिस ने इस मामले में फूलचन्द, सर्वेश, लकी, महुआरा के गौतम, आकाश, सिंकू, विपिन राजभर, चन्द्रेश राजभर, रीतिक राजभर, राकेश राजभर, विशाल, मनोज, शर्मिला, शिवमूरत, संगम, मनकू, ऋषभ को बर्रा चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। इनकी निशानदेही पर दो डंडे और एक बोरी ईंट के टुकड़े बरामद हुए हैं। इस घटना में 25 नामजद और 33 अज्ञात के ​खिलाफ धारा 191(2), 191(3), 3(5), 115(2), 109, 131, 121(1), 121(2), 324(4), 126(2) बीएनएस व 7 सीएल एक्ट व 3 (2) (ड) सार्वजनिक सम्पत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि हमले में पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। उनका इलाज कराया जा रहा है। उनकी हालत खतरे से बाहर है। आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।