{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Ayodhya: राम मंदिर दान चोरी का मास्टरमाइंड कौन? मुख्य साजिशकर्ता टिन्नू और सुभाष को रिमांड पर लेगी पुलिस, खुलेंगे कई बड़े राज

चार आरोपियों से मिल चुके हैं अहम सुराग, 15 जुलाई तक ट्रस्ट का काम संभालेंगे गोपाल राव

 

अयोध्या (भदैनी मिरर): अयोध्या के भव्य श्री राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की सनसनीखेज घटना की जांच यूपी पुलिस बेहद मुस्तैदी से कर रही है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में अभी भी कई ऐसे सुलगते सवाल हैं, जिनके जवाब मिलना बाकी हैं। पुलिस अब इस पूरी साजिश के मुख्य किरदार माने जा रहे टिन्नू यादव और सुभाष श्रीवास्तव को कस्टडी रिमांड पर लेने की तैयारी में है। पुलिस पहले इनसे जेल में पूछताछ करेगी और फिर कोर्ट से इनकी कस्टडी रिमांड की मांग करेगी, ताकि चोरी के इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।

चार आरोपियों से मिल चुके हैं अहम सुराग

इस मामले में पुलिस पहले ही अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पाण्डेय को कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुकी है। रिमांड के दौरान मिले साक्ष्यों और जानकारियों का पुलिस लगातार सत्यापन कर रही है, जिससे हर दिन नए-नए तथ्य सामने आ रहे हैं।

अब तक रमाशंकर मिश्रा, मनीष कुमार यादव, रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू और सुभाष श्रीवास्तव से शुरुआती पूछताछ हो चुकी है, लेकिन टिन्नू और सुभाष की कस्टडी रिमांड बाकी है। अन्य आरोपियों ने कुबूल किया है कि चोरी की रकम को ठिकाने लगाने में इन दोनों की मुख्य भूमिका थी। ऐसे में टिन्नू की रिमांड मिलने के बाद फर्जी रसीदों के खेल और उनके दुरुपयोग का बड़ा खुलासा होने की उम्मीद है।

पुलिस की रडार पर हैं ये मुख्य सवाल

अयोध्या पुलिस इस मामले की तह तक जाने के लिए मुख्य रूप से इन कड़ियों को जोड़ने में जुटी है:

  • राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की योजना सबसे पहले कब और किसने बनाई?

  • इस पूरे मामले का असली मास्टरमाइंड कौन है और सभी आठ आरोपियों की अलग-अलग क्या भूमिका थी?

  • चोरी के बाद नकदी और सामान का बंटवारा कैसे हुआ और किस आरोपी के हिस्से कितनी रकम आई?

  • चोरी की कितनी रकम अभी बरामद होनी बाकी है और उसे कहां छिपाया या निवेश किया गया है?

15 जुलाई तक ट्रस्ट का काम संभालेंगे गोपाल राव

इसी बीच, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़ी एक बड़ी खबर आ रही है। ट्रस्ट में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में कार्यरत रहे विश्व हिंदू परिषद (VHP) के वरिष्ठ पदाधिकारी गोपाल राव ने स्पष्ट किया है कि वह 15 जुलाई तक ट्रस्ट के कार्यों में सक्रिय रूप से जुड़े रहेंगे। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी के निर्देशानुसार, नई व्यवस्था विकसित होने तक वह कामकाज की देखरेख करते रहेंगे।

दान चोरी को लेकर राजनीति गरमाई, गोरखपुर में भिड़े सपाई और पुलिस

राम मंदिर दान चोरी के मामले को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत भी गरमा गई है। गोरखपुर में चढ़ावा चोरी को लेकर मीम आधारित विवादित होर्डिंग और पोस्टर लगाने पर समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। सपाइयों ने इन पोस्टरों को महानगर के अलग-अलग चौराहों पर लगाने की कोशिश की थी।

पोस्टर हटाने के दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच धक्कामुक्की भी हुई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन चौराहों पर लगाई गई विवादित होर्डिंग्स को उतरवा दिया और आधा दर्जन से अधिक पोस्टर जब्त किए हैं। इस दौरान पुलिस ने सपा कार्यकर्ता अरविंद उपेंद्र दत्त शुक्ला को भी हिरासत में लेने का प्रयास किया।