{"vars":{"id": "125128:4947"}}

सिंगरौली में दुस्साहस: कंचन ज्वेलर्स में घुसकर कर्मचारी को मारी गोली, आभूषण लूटकर भागे नकाबपोश बदमाश

जयंत चौकी के बजरंग परिसर में शाम ढलते ही 4 हथियारबंद बदमाशों का तांडव; वारदात के बाद उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश पुलिस मुस्तैद

 

सिंगरौली (विंध्यनगर) / भदैनी मिरर:

उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। विंध्यनगर थाना क्षेत्र की जयंत चौकी अंतर्गत बजरंग परिसर स्थित 'कंचन ज्वेलर्स' में बृहस्पतिवार शाम हथियारों से लैस चार बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने दुकान में मौजूद कर्मचारी को गोली मारकर और बंदूक की बट से हमला कर अचेत कर दिया, जिसके बाद शोकेस में रखे लाखों के सोने-चांदी के आभूषण समेटकर फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही सीमावर्ती उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई है।

शाम 6 बजे दुकान में घुसे बदमाश, कर्मचारी पर चलाई गोली

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम करीब 6:00 बजे चार हथियारबंद बदमाश अचानक कंचन ज्वेलर्स में दाखिल हुए। उन्होंने वहां मौजूद लोगों को असलहे के बल पर धमकाना शुरू कर दिया। जब दुकान में कार्यरत कर्मचारी राहुल विश्वकर्मा ने विरोध करने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने उस पर सीधी गोली चला दी, जो उसके हाथ में लगी। इसके बाद बदमाशों ने पिस्तौल की बट से उसके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर अचेत हो गया।

शोकेस साफ कर हुए रफूचक्कर, ट्रॉमा सेंटर में भर्ती

कर्मचारी के बेहोश होते ही बदमाशों ने दुकान के शोकेस में सजाकर रखे गए सोने और चांदी के बहुमूल्य गहने आनन-फानन में बटोरे और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल राहुल को तत्काल नजदीकी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

अस्पताल में होश में आने पर घायल कर्मचारी ने पुलिस को बताया कि वारदात में कुल चार बदमाश शामिल थे, जिनमें से एक ने चेहरे पर गमछा/नकाब बांध रखा था।

बैंक डकैती के बाद दूसरी बड़ी वारदात, सीमावर्ती इलाके में नाकाबंदी

हाल ही में बैढ़न में हुई बैंक डकैती के बाद जयंत में सर्राफा दुकान में इस दुस्साहसिक वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस की कई विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।

सिंगरौली और सीमा से सटे उत्तर प्रदेश (सोनभद्र) के प्रवेश व निकास मार्गों पर पुलिस ने सख्त चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन तलाशी ली जा रही है। पुलिस दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों के भागने के मार्ग का पता लगाने में जुटी है।