{"vars":{"id": "125128:4947"}}

अवैध सम्बंध में एक और सनसनीखेज वारदात: दोस्त और भाभी का कत्ल कर पुलिस चौकी पहुंचा और कर दिया आत्मसमर्पण

तीन महीने पहले भाभी को दोस्त के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा था, माना करने पर भी नही मान रहे थे दोनों 

 

फतेहपुर की घटना, अवैध सम्बंध में बहन की करती थी सहयोग तो उसे भी कर दिया जख्मी

जंगल में दोस्त का चाकू से गला रेता, भागकर घर पहुंचा और भाभी की भी ले ली जान

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में अवैध संबंध के चलते एक और दिल दहला देनेवाली वारदात से सनसनी फैल गई। दोस्त फैजान कुरैशी (27) को अपनी भाभी जिकरा परवीन के साथ आपत्तिजनक हाल में देखने के बाद दिलदार कुरैशी ने पहले दोस्त की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। फिर घर आकर भाभी के पेट में ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर उसकी भी जान ले ली। जबकि बीच-बचाव करने आई छोटी बहन को दिलदार ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद पुलिस चौकी पर जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। वारदात की जानकारी के बाद क्षेत्र के लोग दहल गये। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक फैजान ठाकुर युगराज सिंह महाविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। जबकि हत्यारोपित दिलदार की भाभी जिकरा परवीन का पति मो. आमिर उर्फ बल्लू हिस्ट्रीशीटर है और वह मध्य प्रदेश में रहता है।

जानकारी के अनुसार दिलदार और फैजान दोस्त थे। एक-दूसरे के घर आना-जाना था। इसी दौरान फैजान का दिलदार की भाभी जिकरा से प्रेम सम्बंध हो गये। दिलदार ने तीन माह पहले भाभी और फैजान को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। उस समय तो दिलदार ने भाभी और फैजान को डांटा, समझाया था। लेकिन दोनों अपनी हरकतों से बाज नही आये। इसके बाद से ही वह फैजान की जान का दुश्मन बन गया था। लेकिन उसे अपने इरादे का अहसास नही होने दिया। शुक्रवार की दोपहर जंगल में गांव के उनके दोस्त  क्रिकेट खेल रहे थे। थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा कस्बा के चौधराना मोहल्ला निवासी फैजान कुरैशी नमाज अदा करने के बाद घर पर काम कर रहा था। इसी दौरान पड़ोसी दिलदार कुरैशी पहुंचा। मैच खेलने की बात कहकर फैजान को बाइक से साथ ले गया। करीब एक किलोमीटर दूर करबला के जंगल में फैजान और दिलदार के दोस्त क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान दिलदार ने दोस्तों से चाय पीकर आने की बात कही और फैजान को लेकर एकांत में चला गया। वहां दोनांे ने नशीले इंजेक्शन लगाये। नशे की हालत में दिलदार और फैजान में झड़प हो गई। इसके बाद दिलदार ने करीब डेढ़ फुट चाकू से फैजान का गला रेत दिया। गला रेते जाने के बावजूद करीब 50 मीटर तक फैजान भाग सका। इसके बाद गिरा और उसकी मौत हो गई। इस घटना की कुछ दूरी पर क्रिकेट खेल रहे युवाओं को भनक तक नही लगी। फिर दिलदार खून से सना चाकू लेकर भागते हुए घर के दरवाजे पर पहुंचा। आवाज लगाकर भाभी जिकरा को बुलाया। जैसे ही जिकरा बाहर आयी, उसके पेट पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर उसकी जान ले ली। यह देख भाभी को बचाने दिलदार की छोटी बहन मन्नू (22) पहुंची तो उसे भी गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।  शोर सुनकर मां और दिलदार की दूसरी बहन बबली के साथ आसपास के लोग पहुंच गये। इसके बाद दिलदार भागा तो ग्रामीणों ने उसका पीछा कर लिया। इसके बाद दिलदार सीधे पुलिस चौकी पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। 

इधर, जिकरा परवीन की हत्या और बहन के घायल होने की खबर जंगल में क्रिकेट खेल रहे युवकों को मिली तो वह भागकर पहुंचे। तभी एक चरवाहे ने जंगल में फैजान की हत्या की खबर दी तो ग्रामीण उस ओर भागे। मृतक फैजान के परिवार में उसका छोटा भाई अरमान और दो बहनें शाइस्ता और साहिला हैं। पिता रुआब उर्फ राजू रायबरेली में सिलाई का काम करते हैं। बेटे की हत्या की खबर पर पिता घर पहुंचे। पुलिस ने दिलदार के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। दिलदार ने पुलिस को बताया कि उसने भाभी को फैजान के साथ तीन माह पहले आपत्तिजनक हालात में देखा था। इसका विरोध करता था, लेकिन दोस्त फैजान और भाभी नहीं मान रहे थे। उसकी बहन भी उन दोनों का सहयोग करती थी। इसी के कारण उसने फैजान और भाभी को मार डाला। बहन को घायल कर दिया।