{"vars":{"id": "125128:4947"}}

भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर पर बनी सहमति, अखिलेश यादव की पहली प्रतिक्रिया आई सामने, जानें क्या कहा?

 

India-Pakistan Ceasefire : भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे तनाव के बीच अब एक राहत भरी खबर सामने आई है। दोनों देशों ने एक-दूसरे के साथ सीजफायर यानी युद्धविराम पर सहमति जता दी है। इस पहल की जानकारी सबसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साझा की थी, और अब भारत सरकार ने भी इस समझौते की पुष्टि कर दी है।

इस घटनाक्रम पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा –"शांति सर्वोपरि है और सम्प्रभुता भी!"


अखिलेश यादव पहले भी भारत-पाक तनाव के समय सरकार के निर्णयों के समर्थन में नजर आ चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि आतंकवाद के खिलाफ अगर सरकार कोई भी कठोर कदम उठाती है, तो समाजवादी पार्टी उसके साथ है।

सीजफायर को लेकर विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने जानकारी दी कि भारत और पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशकों (DGMO) के बीच बातचीत हुई। यह चर्चा शुक्रवार को भारतीय समयानुसार दोपहर 3:35 बजे हुई, जिसके बाद निर्णय लिया गया कि शाम 5 बजे से दोनों पक्ष जमीन, आकाश और समुद्र — तीनों ही मोर्चों पर फायरिंग और सैन्य गतिविधियां रोक देंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि इस निर्णय को सख्ती से लागू करने के लिए संबंधित सैन्य इकाइयों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। यह समझौता सीमा पर शांति की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।