{"vars":{"id": "125128:4947"}}

सत्ता के संरक्षण में माफिया निर्भय होकर नशे का जहरीला कारोबार कर रहे हैं-अखिलेश यादव

UP में महिला अपराध की घटनाएं सबसे ज्यादा, पुलिस बेलगाम

 

अपराधी और अराजकतत्व खुलेआम वारदातें कर रहे हैं और भ्रष्टाचार चरम पर

लखनऊ। UP के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ की सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाये हैं। उन्होंने कहाकि देश में सबसे ज्यादा महिला अपराध की घटनाएं उत्तर प्रदेश में हो रही है। पुलिस बेलगाम है और जीरो टालरेंस का दावा जीरो साबित हुआ। उन्होंने कहाकि अपराधी और अराजकतत्व खुलेआम वारदातें कर रहे हैं और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। 

सपा प्रमुख ने कहा कि पुलिस-प्रशासन BJP नेताओं के दबाव में काम कर रहा है। हालात यह हैं कि मुख्यमंत्री के गृह नगर गोरखपुर में अपराध नहीं रुक रहा है। आरोप लगाया कि सत्ता संरक्षण में माफिया निर्भय होकर नशे का जहरीला कारोबार कर रहे हैं। रामपुर में कार में छात्रा से छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास किया गया। बस्ती में छेड़खानी हुई। प्रदेश में लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। पुलिस का महिला अपराध पर नियंत्रण नहीं रह गया है। अपने कार्यकाल के बारे में बताते हुए कहाकि समाजवादी पार्टी की सरकार में महिला अपराध पर रोकथाम के लिए 1090 सेवा शुरू की गयी थी। एक फोन काल पर पुलिस महिलाओं व बेटियों की मदद करती थी, मगर भाजपा सरकार ने इस सेवा को भी बिगाड़ दिया। उन्होंने कहाकि इस सरकार में महिलाएं, युवा और व्यापारी सुरक्षित नही हैं। पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बनकर अपराध होते देख रहा है। 

इसके अलावा सपा अध्यक्ष ने X पर पोस्ट करते हुए भाजपा संगठन पर तंज कसा। कहा कि जिसे अनुशासनहीन कहकर अपमानित करने वाली चेतावनी दी जा रही है वह इन सत्ताधारियों का दंभ है। लगता है कि अहंकारी सत्ता सरयू के पावन जल में खड़े होकर लिये गये शपथ का परिणाम भूल गई है। पर्ची और मर्जी जिस पार्टी के संगठन और सरकार का आधार हो, वहां मौन रहने में ही सम्मान है। कोई गलतफहमी में किसी तरह की बयानबाजी न करे।