विवाद के बाद पत्नी को मार डाला और दरवाजे पर बैठा रहा, पुलिस ने किया पति को गिरफ्तार
भाई महेश पहुंचा घर तो हुई घटना की जानकारी
लाश के पास ही पड़ा था हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार
कानपुर। यूपी के कानपुर में बर्रा थाना क्षेत्र के कर्रही पुरानी बस्ती में घरेलू विवाद के दौरान सेवानिवृत्त केस्को कर्मी साहेब लाल ने अपनी पत्नी ललिता (65) की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित घर से बाहर मेन गेट के पास बैठ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे से गिरफ्तार कर लिया। फोरेंसिक टीम ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कर्रही पुरानी बस्ती निवासी 75 वर्षीय साहेब लाल केस्को में चतुर्थ श्रेणी कर्मी के पद से सेवानिवृत्त हैं। परिवार में पत्नी ललिता (65), दो बेटे और चार विवाहित बेटियां हैं। बड़ा बेटा महेंद्र परिवार सहित पास के दूसरे मकान में रहता है। जबकि अविवाहित बेटा सुरेंद्र माता-पिता के साथ रहता था। सुरेंद्र रंगाई-पुताई का काम करता है। सोमवार सुबह करीब नौ बजे वह काम पर गया था। भाई महेश के अनुसार सुबह दस बजे भाभी से मिलने वह घर पहुंचा। उस समय साहेब लाल मेन गेट के पास बैठा था।
उसने भाभी के बारे में पूछा तो कोई जवाब नहीं दिया। महेश ने गेट खोलकर अंदर प्रवेश किया तो भाभी ललिता का शव देख उसके होश उड़ गये। शव के पास ही घटना में प्रयुक्त हथियार पड़ा था। तब उसने परिवारवालों को घटना की सूचना दी। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जांच में पता चला कि दम्पती में विवाद के बाद हत्या की गई है। फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।