क्या अक्षर पटेल होंगे CSK में शामिल? दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच ट्रेड की खबरों का जानें पूरा सच
IPL 2027 रिटेंशन डेडलाइन से पहले अफवाहों का बाजार गर्म; क्या अक्षर पटेल और आशुतोष शर्मा जाएंगे चेन्नई? जानें दोनों टीमों के संभावित ट्रेड की हकीकत।
डिजिटल डेस्क (स्पोर्ट)। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 के रिटेंशन डेडलाइन के करीब आते ही खिलाड़ियों की अदला-बदली (Trade Deal) को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। हाल ही में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के साथ एक सफल ट्रेड डील के बाद, अब चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का नाम दिल्ली कैपिटल्स (DC) के साथ जोड़ा जा रहा है। सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान और स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल आगामी सीजन के लिए चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा बन सकते हैं।
किन-किन खिलाड़ियों के नाम की है चर्चा?
अटकलों के अनुसार, चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच एक मल्टी-प्लेयर ट्रेड डील को लेकर बातचीत चल रही है। रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि दिल्ली कैपिटल्स की ओर से अक्षर पटेल और आशुतोष शर्मा चेन्नई जा सकते हैं, जबकि बदले में CSK के डेवाल्ड ब्रेविस (Dewald Brevis) और नूर अहमद (Noor Ahmad) जैसे खिलाड़ियों को दिल्ली की टीम में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा समीर रिज़वी के नाम को लेकर भी बाजार में अफवाहें गर्म हैं।
पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के एक हालिया संकेत और कुछ पत्रकारों के बयानों ने इन खबरों को और अधिक हवा दी है कि दोनों फ्रेंचाइजियों के बीच बातचीत एडवांस स्टेज पर है।
क्या है इन दावों का पूरा सच?
हालांकि, इन सभी चर्चाओं के बीच हकीकत यह है कि अभी तक न तो चेन्नई सुपर किंग्स और न ही दिल्ली कैपिटल्स ने इस प्रकार की किसी भी ट्रेड डील की आधिकारिक पुष्टि की है।
दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक पार्थ जिंदल ने हाल ही में अक्षर पटेल पर पूरा भरोसा जताते हुए संकेत दिए थे कि वह फ्रेंचाइजी के साथ बने रहेंगे। इसके अलावा दिल्ली कैपिटल्स ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर अक्षर पटेल का एक वीडियो भी शेयर किया था, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि टीम अपने कप्तान को अपने साथ बनाए रखना चाहती है।