वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर का तूफान, 19 चौके और 8 छक्कों की मदद से खेली 173 रनों की ऐतिहासिक कप्तानी पारी
वीनू मांकड़ ट्रॉफी में चंडीगढ़ के खिलाफ दिल्ली अंडर-19 के कप्तान आर्यवीर ने 143 गेंदों पर जड़े 173 रन
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली (भदैनी मिरर): भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) के बड़े बेटे आर्यवीर सहवाग (Aryavir Sehwag) ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से एक बार फिर महफिल लूट ली है। दिल्ली प्रीमियर लीग में अपनी चमक बिखेरने के बाद अब 18 वर्षीय आर्यवीर ने वीनू मांकड़ ट्रॉफी (Vinu Mankad Trophy) में बल्ले से तहलका मचाते हुए एक बेहतरीन और ऐतिहासिक शतकीय पारी खेली है।
चंडीगढ़ के खिलाफ खेली 173 रनों की कप्तानी पारी
16 अक्टूबर (शुक्रवार) को विजयनगरम के डॉ. पीवीजी राजू एसीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चंडीगढ़ के खिलाफ खेले गए मुकाबले में दिल्ली अंडर-19 के कप्तान आर्यवीर सहवाग ने मैदान के चारों ओर चौकों-छक्कों की बरसात कर दी। आर्यवीर ने महज 143 गेंदों पर 173 रनों की शानदार कप्तानी पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 121 का रहा और उनकी इस पारी में 19 शानदार चौके और 8 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे।
संकट के समय टीम को संभाला
आर्यवीर के इस दमदार प्रदर्शन की बदौलत दिल्ली अंडर-19 की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 289 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
-
पारी की शुरुआत में सलामी बल्लेबाज अर्नव बुग्गा (47 रन) के साथ मिलकर आर्यवीर ने पहले विकेट के लिए 98 रनों की साझेदारी की।
-
अर्नव के आउट होने के बाद आर्यवीर ने विकेटकीपर बल्लेबाज अभिराज सिंह (18 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 48 रन जोड़े।
-
इसके बाद शांतनु यादव (नाबाद 27 रन) के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए महत्वपूर्ण 89 रनों की साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकाला और एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। चंडीगढ़ की ओर से रूपेश यादव ने सबसे ज्यादा दो विकेट चटकाए।
पिछले मैच की नाकामी को पीछे छोड़ा
इससे पहले कर्नाटक के खिलाफ खेले गए मुकाबले में दिल्ली की टीम को हार का सामना करना पड़ा था, जहां कर्नाटक के 418 रनों के जवाब में दिल्ली 220 पर सिमट गई थी। उस मैच में आर्यवीर 32 रन बनाकर आउट हो गए थे, लेकिन चंडीगढ़ के खिलाफ उन्होंने अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों से आलोचकों को करारा जवाब दिया है।
गौरतलब है कि वीनू मांकड़ ट्रॉफी एलीट टूर्नामेंट 8 अक्टूबर से जारी है, जिसमें आर्यवीर सहवाग 16 सदस्यीय दिल्ली टीम की कमान संभाल रहे हैं। इससे पहले सितंबर में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज में भारत की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए कुल 109 रन बनाए थे।