{"vars":{"id": "125128:4947"}}

TIME 100 Most Influential: स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, टाइम की 100 प्रभावशाली खेल हस्तियों में इकलौती भारतीय

मेसी और रोनाल्डो जैसे दिग्गजों के क्लब में शामिल हुईं मंधाना; टाइटंस की लिस्ट में मिली जगह, जानें टॉप-10 में कौन?

 

खेल डेस्क (भदैनी मिरर): भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ओपनर और रन-मशीन स्मृति मंधाना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान बढ़ाया है। प्रतिष्ठित 'टाइम मैगजीन' (TIME Magazine) ने उन्हें वर्ष 2026 की '100 सबसे प्रभावशाली खेल हस्तियों' की सूची में शामिल किया है। गर्व की बात यह है कि दुनिया भर के एथलीटों, कोचों और खेल प्रशासकों के बीच इस लिस्ट में जगह बनाने वाली मंधाना इकलौती भारतीय खिलाड़ी हैं।

दुनिया के 'टाइटंस' के बीच 41वां स्थान

टाइम मैगजीन ने खेल जगत के प्रभावशाली लोगों को चार श्रेणियों— आइकन्स, टाइटंस, इनोवेटर्स और लीडर्स में बांटा है। स्मृति मंधाना को 'टाइटंस' (Titans) कैटेगरी में सम्मान मिला है। पूरी लिस्ट में मंधाना का स्थान 41वां है। इस सूची में उनके साथ फुटबॉल के महान खिलाड़ी लियोनेल मेसी, क्रिस्टियानो रोनाल्डो और बास्केटबॉल दिग्गज लेब्रोन जेम्स जैसे नाम शामिल हैं।

TIME की टॉप 10 प्रभावशाली खेल हस्तियां (2026)

नाम खेल/क्षेत्र
लेब्रोन जेम्स बास्केटबॉल
हिलेरी नाइट आइस हॉकी
लियोनेल मेसी फुटबॉल
एयलीन गू फ्रीस्टाइल स्कीइंग
रॉजर गुडेल एडमिनिस्ट्रेटर (अमेरिकन फुटबॉल)
इलिया मालिनिन फिगर स्केटिंग
यानिक सिनर टेनिस
एजा विल्सन बास्केटबॉल
लैंडो नॉरिस फॉर्मूला-1
शोहेई ओहतानी बेसबॉल

रिकॉर्ड्स की बादशाह हैं मंधाना

टाइम मैगजीन ने मंधाना के प्रोफाइल में उनकी अभूतपूर्व उपलब्धियों का जिक्र किया है। मंधाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों प्रारूपों (टेस्ट, वनडे और टी20) में शतक जड़ने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर हैं। इसके अलावा:

  • महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके नाम संयुक्त रूप से सर्वाधिक 17 शतक हैं।

  • वह एक कैलेंडर वर्ष में 1000 से अधिक वनडे रन बनाने वाली पहली महिला क्रिकेटर हैं।

  • घरेलू वनडे क्रिकेट में उनके नाम दोहरा शतक दर्ज है।

कैप्टेंसी में भी दिखा जलवा

मंधाना न केवल व्यक्तिगत तौर पर सफल रही हैं, बल्कि उनकी कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2024 और 2026 का खिताब अपने नाम किया। वह पिछले साल वनडे विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम की उपकप्तान भी थीं, जहाँ उन्होंने रन बनाने के मामले में दूसरा स्थान हासिल किया था।