{"vars":{"id": "125128:4947"}}

T20 World Cup 2026: भारत ने पाकिस्तान को 64 रनों से रौंदा, दीप्ति शर्मा का 'पंजा', मंधाना-ऋचा की तूफानी बल्लेबाजी

टीम इंडिया ने पहले मैच में दर्ज की ऐतिहासिक जीत; 170 रनों के जवाब में 106 पर ढेर हुई पाकिस्तानी टीम

 

खेल डेस्क (भदैनी मिरर): महिला टी-20 विश्व कप 2026 (Womens T20 World Cup 2026) के अपने पहले ही महामुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार आगाज किया है। एजबेस्टन में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मैच में भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 64 रनों के विशाल अंतर से करारी शिकस्त दी। भारतीय बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन के बाद स्टार स्पिनर दीप्ति शर्मा की कातिलाना गेंदबाजी के आगे पाकिस्तानी टीम पूरी तरह बेबस नजर आई।

मंधाना का अर्धशतक और ऋचा घोष का 'फिनिशर' अवतार

इससे पहले भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (6 रन) व जेमिमा रॉड्रिक्स जल्दी पवेलियन लौट गईं।

इसके बाद उपकप्तान स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भारतीय पारी को संभाला। मंधाना ने टी-20 विश्व कप में अपना 5वां अर्धशतक ठोकते हुए 44 गेंदों में 68 रनों की शानदार पारी खेली। कप्तान कौर ने भी 36 रनों का योगदान दिया। अंत में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने महज 17 गेंदों में 34 रनों की तूफानी पारी खेलकर टीम इंडिया को 20 ओवर में 6 विकेट पर 170 रनों के मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया।

दीप्ति शर्मा का 'पंजा', 106 रनों पर सिमटा पाकिस्तान

171 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत ठीक-ठाक रही। सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 38 रन जोड़े, लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने मैच का पासा पलट दिया।

भारत की ओर से स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने मैच का रुख पूरी तरह भारत की तरफ मोड़ दिया। दीप्ति ने अपने 4 ओवर के कोटे में सिर्फ 10 रन देकर 5 विकेट (पंजा) चटकाए। इसके साथ ही उन्होंने पाकिस्तान की सबसे खतरनाक दिख रही बैटर मुनीबा अली (41 रन) को एक बेहतरीन थ्रो पर रन आउट भी किया। दीप्ति के अलावा श्री चरणी ने 3 विकेट और शेफाली वर्मा ने 1 विकेट लिया। पूरी पाकिस्तानी टीम 17 ओवर में महज 106 रनों पर ऑलआउट हो गई।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन (Playing XI):

  • भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, क्रांति गौड़।

  • पाकिस्तान: गुल फ़िरोज़ा, मुनीबा अली (विकेटकीपर), आयशा जफर, सायरा जबीन, आलिया रियाज़, नतालिया परवेज़, फातिमा सना (कप्तान), रमीन शमीम, नाशरा संधू, तस्मिया रुबाब, सादिया इकबाल।

साल 2025 में वनडे विश्व कप जीतने वाली टीम के चैंपियन खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट में अपने इरादे साफ कर दिए हैं।