{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Record: मंधाना ने रचा इतिहास, मिथाली राज को पछाड़ महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनीं

एशिया कप 2026 में हॉन्कॉन्ग के खिलाफ 124 रनों की तूफानी पारी; शतकों के मामले में भी बनीं दुनिया की नंबर-1 महिला क्रिकेटर

 

भदैनी मिरर (स्पोर्ट्स डेस्क): भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने इतिहास रच दिया है। वुमेन्स टी20 एशिया कप 2026 में हॉन्कॉन्ग के खिलाफ 124 रनों की आतिशी शतकीय पारी खेलकर मंधाना ने भारत की पूर्व कप्तान मिथाली राज को पछाड़ दिया है। अब वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने और सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाली दुनिया की नंबर-1 बल्लेबाज बन गई हैं।

सर्वाधिक रन बनाने वाली महिला बैटर्स

मंधाना के नाम अब तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20) में मिलाकर कुल 10,880 रन हो गए हैं, जो महिला क्रिकेट इतिहास में सबसे अधिक हैं।

खिलाड़ी देश मैच कुल रन टेस्ट वनडे T20I
स्मृति मंधाना भारत 302 10,880 788 5,411 4,681
मिथाली राज भारत 333 10,868 699 7,805 2,364
सूजी बेट्स न्यूजीलैंड 370 10,740 NA 5,982 4,758
शार्लेट एडवर्ड्स इंग्लैंड 309 10,273 1,676 5,992 2,605

मंधाना द्वारा बनाए गए अन्य प्रमुख रिकॉर्ड्स:

  • शतकों का सरताज (18 शतक): स्मृति मंधाना अब महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा 18 शतक (14 वनडे, 2 टेस्ट, 2 T20I) लगाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने मेग लैनिंग और लॉरा वोल्वार्ड्ट (17-17 शतक) को पीछे छोड़ा।

  • टी20 में भारत का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर: हॉन्कॉन्ग के खिलाफ खेली गई 124 रनों की पारी महिला T20I में किसी भी भारतीय का सर्वोच्च स्कोर है। उन्होंने अपना ही 112 रनों का पुराना रिकॉर्ड तोड़ा।

  • भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के: मंधाना के नाम अब T20I में 95 छक्के हो चुके हैं, जो भारत के लिए सबसे ज्यादा हैं। उन्होंने हरमनप्रीत कौर (89 छक्के) को पीछे छोड़ दिया।

  • 50+ स्कोर की बराबरी: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 93 बार 50 से अधिक रन बनाकर उन्होंने मिथाली राज के भारतीय रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

  • 4 कैलेंडर वर्ष में 500+ T20I रन: मंधाना दुनिया की पहली ऐसी महिला क्रिकेटर बन गई हैं, जिन्होंने चार अलग-अलग कैलेंडर वर्षों (2018, 2022, 2024, 2026) में 500 से अधिक T20I रन बनाए हैं।

मंधाना की इस 124 रनों की शानदार पारी की बदौलत भारत ने हॉन्कॉन्ग को 137 रनों के विशाल अंतर से हराकर एशिया कप में अपनी मजबूत स्थिति बरकरार रखी है।