{"vars":{"id": "125128:4947"}}

नमन धीर ने तोड़ा युवराज सिंह का 19 साल पुराना रिकॉर्ड

400 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर नमन धीर ने रचा इतिहास; बेंगलुरु T20 में खेली ताबड़तोड़ तूफानी पारी

 

स्पोर्ट्स डेस्क (भदैनी मिरर): भारत और वेस्टइंडीज के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए पांचवें और अंतिम T20 मुकाबले में युवा ऑलराउंडर नमन धीर (Naman Dhir) ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया है। नमन ने महज 6 गेंदों पर नाबाद 24 रन बनाकर भारतीय क्रिकेट के दिग्गज युवराज सिंह का 19 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। हालांकि, बारिश के कारण यह निर्णायक मुकाबला रद्द करना पड़ा, जिसके चलते सीरीज 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुई।

400 के स्ट्राइक रेट से खेली आक्रामक पारी

बारिश के कारण यह मुकाबला नौ-नौ ओवर का कर दिया गया था। भारतीय पारी के सातवें ओवर में क्रीज पर उतरे नमन धीर ने आते ही चौके-छक्कों की बरसात कर दी। उन्होंने सिर्फ 6 गेंदों का सामना करते हुए 400 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 24 रन बनाए, जिसमें 3 गगनचुंबी छक्के और 1 शानदार चौका शामिल रहा। इस प्रदर्शन के साथ वह T-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कम से कम 5 गेंद खेलने वाले भारतीय बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

टूटा युवराज सिंह का 19 साल पुराना रिकॉर्ड

नमन धीर ने जिस रिकॉर्ड को तोड़ा है, वह साल 2007 के T-20 विश्व कप में युवराज सिंह ने बनाया था। युवराज ने इंग्लैंड के खिलाफ स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में 6 छक्के लगाते हुए 16 गेंदों पर 58 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 362.50 रहा था। अब नमन ने 400 का स्ट्राइक रेट हासिल कर उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।

बारिश से धुला मैच, सीरीज 2-2 से बराबर

निर्णायक मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन के 30 रन और नमन धीर की तूफानी पारी के दम पर 7.4 ओवर में 5 विकेट पर 118 रन बना लिए थे। लेकिन, इसके बाद दोबारा तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे आगे का खेल संभव नहीं हो सका और मैच को रद्द घोषित कर दिया गया। इसके साथ ही भारत का घरेलू मैदान पर लगातार 12 द्विपक्षीय सीरीज जीतने का सिलसिला भी थम गया। वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप (4 पारियों में 261 रन) को 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया।