{"vars":{"id": "125128:4947"}}

IPL News: चेन्नई सुपर किंग्स और हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग की राहें हुईं जुदा, 18 साल पुराने ऐतिहासिक सफर का हुआ अंत

साल 2023 के बाद लगातार 3 सीजन प्लेऑफ में जगह न बना पाने और MLC में टेक्सास सुपर किंग्स के खराब प्रदर्शन के बाद CSK मैनेजमेंट ने लिया बड़ा फैसला।

 

खेल डेस्क (भदैनी मिरर): इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास की सबसे सफल और टिकाऊ साझेदारियों में से एक का अब अधिकारिक तौर पर अंत हो गया है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और उनके दिग्गज मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है। चेन्नई सुपर किंग्स द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, फ्लेमिंग और टीम मैनेजमेंट के बीच काफी लंबी और खुली चर्चा के बाद सम्मान व आभार के साथ यह निर्णय लिया गया है।

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग साल 2008 में आईपीएल के पहले सीजन में एक खिलाड़ी के तौर पर चेन्नई टीम से जुड़े थे। इसके बाद साल 2009 में उन्होंने मुख्य कोच की कमान संभाली। उनके मार्गदर्शन में सीएसके ने 5 आईपीएल ट्रॉफी और 2 चैंपियंस लीग टी20 (CLT20) खिताब अपने नाम किए। टीम ने उनके कार्यकाल में रिकॉर्ड 12 बार प्लेऑफ में जगह बनाई और 10 बार फाइनल खेला।

पिछले 3 सीजन से निशाने पर थे फ्लेमिंग

साल 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स को चैंपियन बनाने के बाद से फ्लेमिंग लगातार आलोचनाओं के घेरे में थे। दरअसल, पिछले लगातार तीन सीजन से सीएसके की टीम आईपीएल के प्लेऑफ (Playoffs) के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रही। इसके अलावा, क्रिकेट पंडितों का मानना है कि आधुनिक टी20 क्रिकेट जिस तेजी से बदल रहा है, सीएसके की रणनीति उसके साथ तालमेल बिठाने में पीछे छूटती जा रही थी।

हाल के दिनों में फ्लेमिंग की साख पर यह सवाल भी उठने लगा था कि चेन्नई को मिले सभी पांचों खिताब पूर्व कप्तान एमएस धोनी (MS Dhoni) के नेतृत्व में आए थे। फ्लेमिंग आईपीएल के अलावा 'सुपर किंग्स' परिवार की अन्य दो वैश्विक फ्रेंचाइजियों—SA20 में 'जोहान्सबर्ग सुपर किंग्स' और मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में 'टेक्सास सुपर किंग्स' (TSK) के भी हेड कोच थे, लेकिन वे इन दोनों टीमों को एक भी खिताब नहीं दिला सके। हाल ही में टेक्सास सुपर किंग्स के एमएलसी में सबसे निचले स्थान पर रहने के बाद इस विदाई का रास्ता साफ हो गया।

मैनेजमेंट ने जताया आभार, कहा- 'फ्लेमिंग थे टीम की धड़कन'

स्टीफन फ्लेमिंग के विदाई पर चेन्नई सुपर किंग्स की मालकिन रूपा गुरुनाथ ने कहा:

"स्टीफन फ्लेमिंग लगभग हमारे पूरे सफर में कोचिंग यूनिट की धड़कन रहे हैं। करीब दो दशकों तक उन्होंने हमारी पहचान, विज़न और उत्कृष्टता को तराशने में मदद की। सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी में हर किसी की ओर से, हम उनकी प्रतिबद्धता और नेतृत्व के लिए गहरा आभार व्यक्त करते हैं। मैदान पर हमारा सफर भले ही खत्म हो रहा है, लेकिन वह हमेशा हमारी विरासत का हिस्सा रहेंगे।"

वहीं सीएसके के प्रबंध निदेशक (MD) के.एस. विश्वनाथन ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा:

"शुरुआती दिनों से ही फ्लेमिंग ने न केवल यह तय किया कि हम कैसे खेलें, बल्कि यह भी कि हम एक फ्रेंचाइजी के रूप में क्या बनना चाहते हैं। उन्होंने निरंतरता, विनम्रता और टीम को सर्वोपरि रखने वाली संस्कृति का निर्माण किया। लोगों को समझने और खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कराने की उनकी क्षमता उनकी सबसे बड़ी ताकत थी। उनका प्रभाव सीमा से परे है।"

18 साल एक जीवनकाल की तरह: फ्लेमिंग

चेन्नई सुपर किंग्स को अलविदा कहते हुए भावुक स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा:

"खेल में 18 साल का समय एक जीवनकाल की तरह होता है, और मैं यहाँ से केवल आभार लेकर जा रहा हूँ। चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बिताया गया समय मेरे कोचिंग करियर का सबसे बड़ा सौभाग्य रहा है। हमने मिलकर जो कुछ भी हासिल किया, मुझे उस पर गर्व है। हमने अविस्मरणीय जीत का जश्न मनाया और कठिन पलों का सामना किया। सीएसके हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगी।"