IPL: राजस्थान रॉयल्स के नए 'रॉयल' मालिक बने अदार पूनावाला और लक्ष्मी मित्तल, ₹15,600 करोड़ में हुई महाडील
डेढ़ महीने में दूसरी बार बिकी फ्रेंचाइजी: मित्तल परिवार के पास होगी 75% हिस्सेदारी, मनोज बदाले भी बोर्ड में रहेंगे शामिल
खेल जगत, भदैनी मिरर। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स ने पिछले डेढ़ महीने के भीतर दूसरी बार बिकने का नया रिकॉर्ड बना दिया है। दुनिया के मशहूर उद्यमी लक्ष्मी एन मित्तल, उनके बेटे आदित्य मित्तल और अदार पूनावाला ने मिलकर इस टीम में सबसे बड़ी हिस्सेदारी खरीदी है। यह डील लगभग 1.65 बिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 15,600 करोड़ रुपये से अधिक) में तय हुई है।
अमेरिकी कंसोर्टियम को पछाड़ मित्तल-पूनावाला ने मारी बाजी
इस अधिग्रहण की रेस में अमेरिकी मूल के बिजनेसमैन काल सोमानी का कंसोर्टियम भी शामिल था, जिसने 1.63 बिलियन डॉलर की पेशकश की थी। हालांकि, जांच प्रक्रिया और अन्य तकनीकी मुद्दों के कारण सोमानी रेस से बाहर हो गए, जिसके बाद पूनावाला और मित्तल परिवार ने मनोज बदाले के समूह से अधिग्रहण के समझौते पर सहमति बना ली।
किसे कितनी मिलेगी हिस्सेदारी?
नए समझौते के तहत टीम के मालिकाना हक का गणित पूरी तरह बदल गया है:
-
मित्तल परिवार: राजस्थान रॉयल्स में करीब 75 प्रतिशत की सबसे बड़ी हिस्सेदारी रखेगा।
-
अदार पूनावाला: इनके पास टीम की 18 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी।
-
मनोज बदाले व अन्य निवेशक: शेष 7 प्रतिशत हिस्सेदारी मौजूदा निवेशकों के पास रहेगी।
पुनर्गठित बोर्ड और भविष्य की योजनाएं
फ्रेंचाइजी के नए बोर्ड में लक्ष्मी एन. मित्तल, आदित्य मित्तल, वनिषा मित्तल-भाटिया, अदार पूनावाला और मनोज बदाले शामिल होंगे। बदाले अपना अनुभव और क्रिकेट का ज्ञान फ्रेंचाइजी के साथ साझा करना जारी रखेंगे। यह करार केवल आईपीएल टीम तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें दक्षिण अफ्रीका की 'पार्ल रॉयल्स' और वेस्टइंडीज की 'बारबाडोस रॉयल्स' भी शामिल हैं।
राजस्थान से जुड़ाव के कारण खरीदी टीम
सादुलपुर (राजस्थान) में जन्मे लक्ष्मी एन मित्तल ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि क्रिकेट के प्रति उनका प्रेम और राजस्थान से पारिवारिक जुड़ाव के कारण उन्होंने किसी अन्य टीम के बजाय राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा बनना पसंद किया। बता दें कि इस करार को बीसीसीआई (BCCI) और आईपीएल शीर्ष परिषद की मंजूरी मिलना अभी बाकी है, जिसके 2026 की तीसरी तिमाही तक पूरा होने की उम्मीद है।