भारत-पाक तनाव के चलते IPL 2025 अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, BCCI का बड़ा फैसला
IPL 2025 Suspended : भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य टकराव का असर अब खेल जगत पर भी दिखाई देने लगा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के मौजूदा सीजन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का एलान किया है। यह फैसला देश की मौजूदा सुरक्षा स्थिति और गंभीर हालात को देखते हुए लिया गया है।
BCCI ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, “जब राष्ट्र युद्ध जैसी परिस्थितियों से जूझ रहा हो, तब खेल आयोजनों को जारी रखना उपयुक्त नहीं है।” अभी तक बोर्ड का यह रुख था कि आईपीएल का 18वां सीजन बिना रुकावट आगे बढ़ेगा। यहां तक कि IPL चेयरमैन अरुण धूमल ने भी हाल ही में टूर्नामेंट के जारी रहने की बात कही थी। लेकिन देशभर में बढ़ते तनाव और सुरक्षा चिंताओं के चलते बोर्ड ने अपना रुख बदल लिया।
गुरुवार को धर्मशाला में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच होने वाला मुकाबला तकनीकी कारणों से रद्द कर दिया गया था। उस समय इसे फ्लडलाइट की खराबी बताया गया, लेकिन अब यह स्पष्ट हो रहा है कि उस फैसले के पीछे सुरक्षा चिंताएं भी थीं।
IPL 2025 का सीजन अब अपने अंतिम पड़ाव पर था, जिसमें 16 मुकाबले बाकी थे, जिनमें फाइनल भी शामिल था, जो 25 मई को कोलकाता में प्रस्तावित था।