IND W vs SL W Asia Cup 2026 Final: भारत ने जीता टॉस, श्रीलंका के खिलाफ पहले बल्लेबाजी का फैसला
दुबई में महिला एशिया कप का खिताबी मुकाबला; हरमनप्रीत सेना की नजरें 8वीं बार चैम्पियन बनने और 2024 की हार का हिसाब चुकता करने पर
दुबई / भदैनी मिरर: महिला एशिया कप 2026 के हाई-वोल्टेज खिताबी मुकाबले में रविवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम का सामना श्रीलंका से हो रहा है। दुबई में खेले जा रहे इस फाइनल मैच में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही भारतीय टीम की नजरें साल 2024 में श्रीलंका के हाथों मिली हार का बदला चुकता करने और ट्रॉफी पर कब्जा जमाने पर हैं।
प्लेइंग-11 में बड़ा बदलाव
खिताबी जंग के लिए भारतीय टीम प्रबंधन ने अपनी अंतिम एकादश (Playing-11) में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है। टीम में इन-फॉर्म खिलाड़ी प्रतिका रावल की जगह जी. कमालिनी को मौका दिया गया है। श्रीलंका की टीम भी इस टूर्नामेंट में अब तक एक भी मैच नहीं हारी है, जिससे मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
एशिया कप में भारत का एकतरफा दबदबा
सात बार की चैम्पियन भारतीय टीम की कोशिश श्रीलंका को शिकस्त देकर रिकॉर्ड आठवीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम करने की है। एशियाई क्रिकेट में भारतीय महिला टीम का वर्चस्व ऐतिहासिक रहा है। चाहे वनडे प्रारूप हो या टी20, भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट के हर संस्करण में फाइनल तक का सफर तय किया है।
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम इस खिताबी मुकाबले में बड़े स्कोर के साथ श्रीलंका पर शुरुआती दबाव बनाने के इरादे से मैदान में उतरी है।