{"vars":{"id": "125128:4947"}}

IND vs AFG 2nd ODI: लखनऊ के इकाना में कल भारत-अफगानिस्तान महामुकाबला, सुबह 9 बजे से शहीद पथ समेत कई रूट डायवर्ट

मैच के दिन लखनऊ में घर से निकलने से पहले पढ़ लें ट्रैफिक पुलिस की गाइडलाइन; अहिमामऊ चौराहा रहेगा सील, भारी वाहनों की नो-एंट्री

 

लखनऊ (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर विस्तार स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में 17 जून 2026 को भारत बनाम अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा बेहद अहम मुकाबला खेला जाना है। मैच को लेकर दोनों टीमें नवाबों के शहर लखनऊ पहुंच चुकी हैं। इस महामुकाबले के दौरान दर्शकों की भारी भीड़ और वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए लखनऊ यातायात पुलिस ने एक कड़ा और विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया है।

यह डायवर्जन 17 जून की सुबह 09:00 बजे से लागू हो जाएगा और मैच की समाप्ति के बाद यातायात सामान्य होने तक प्रभावी रहेगा।

आपातकालीन स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर

यातायात पुलिस के अनुसार, मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में एम्बुलेंस, स्कूली वाहनों, फायर सर्विस और शव वाहनों को प्रतिबंधित मार्गों पर भी जाने की अनुमति होगी। किसी भी प्रकार की असुविधा या अनुमति के लिए नागरिक ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।

लखनऊ का पूरा ट्रैफिक डायवर्जन प्लान: कहाँ रहेगी रोक और क्या हैं वैकल्पिक मार्ग?

1. कमता तिराहा और शहीद पथ बंद

अयोध्या रोड (कमता शहीद पथ तिराहा) से आने वाला सामान्य यातायात सुल्तानपुर, रायबरेली और कानपुर रोड की तरफ नहीं जा सकेगा।

  • वैकल्पिक मार्ग: इन वाहनों को कमता तिराहा से डायवर्ट कर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, समतामूलक चौराहा, लालबत्ती, करियप्पा, तेलीबाग, बाराबिरवा होते हुए या फिर इंदिरा नहर चौराहा से किसान पथ का उपयोग करना होगा।

2. कानपुर रोड तिराहे से भी रूट डायवर्ट

शहीद पथ कानपुर रोड तिराहे से सुल्तानपुर, रायबरेली और अयोध्या रोड की तरफ जाने वाले वाहनों के लिए रास्ता बंद रहेगा।

  • वैकल्पिक मार्ग: यह वाहन बाराबिरवा, बंगलाबाजार, तेलीबाग, करियप्पा चौराहा, लालबत्ती, 1090 चौराहा या दरोगाखेड़ा किसान पथ का इस्तेमाल कर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

3. गोसाईगंज, उतरेठिया और अहिमामऊ चौराहा पूरी तरह सील

  • गोसाईगंज तिराहा और अमूल डेयरी कटिंग से अहिमामऊ की तरफ बस, ट्रक और सभी कमर्शियल वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इन्हें वृंदावन योजना या कबीरपुर किसान पथ की ओर मोड़ा जाएगा।

  • उतरेठिया अंडरपास से भारी वाहन शहीद पथ पर अहिमामऊ और कमता की तरफ नहीं चढ़ पाएंगे।

  • अहिमामऊ चौराहे से पलासियो मॉल की तरफ जाने वाला रास्ता पूरी तरह बंद रहेगा। सुबह 11:00 बजे से मैच खत्म होने तक अहिमामऊ चौराहे पर यू-टर्न (U-Turn) भी प्रतिबंधित रहेगा, यहाँ से वाहन सिर्फ बाएं मुड़ सकेंगे।

4. सुल्तानपुर रोड के वाहनों के लिए नियम

सुल्तानपुर रोड से आने वाले सामान्य वाहन अमूल तिराहे से अहिमामऊ की तरफ नहीं जा पाएंगे, उन्हें लूलू मॉल कटिंग से शहीद पथ पर चढ़ाया जाएगा। वहीं, पुलिस मुख्यालय जाने वाले वाहन एचसीएल तिराहे या पलासियो की बजाय अहिमामऊ से सीधे दाएं मुड़कर जा सकेंगे।

यातायात पुलिस की जरूरी सलाह

ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, मैच के मद्देनजर सुबह 10:00 बजे से रात 10:00 बजे तक शहीद पथ पर गाड़ियों का अत्यधिक दबाव रहने की संभावना है। इसलिए कानपुर रोड, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे, बाराबिरवा और अमौसी (एयरपोर्ट) की तरफ जाने वाले आम वाहन चालकों से अपील है कि वे शहीद पथ के बजाय वैकल्पिक मार्गों का चयन करें। इकाना स्टेडियम की पार्किंग में जाने वाले सभी बड़े वाहनों को अनिवार्य रूप से अहिमामऊ चौराहे से ही प्रवेश दिया जाएगा। मैच देखने आने वाले दर्शक जाम से बचने के लिए अर्जुनगंज या कैंट मार्ग का प्रयोग कर सकते हैं।