{"vars":{"id": "125128:4947"}}

क्रिकेट टूर्नामेंट: अर्जुन के 'तूफान' में उड़ी बजरडीहा की टीम, RTSC बनी 44वें ऐतिहासिक मुकाबले की चैंपियन

अर्जुन ने महज 16 गेंदों में जड़ा अर्धशतक, इस बार 16 टीमों ने दिखाया दम

 

वाराणसी (भदैनी मिरर): काशी के खेल प्रेमियों के लिए खास पहचान रखने वाले रेवड़ी तालाब स्थित जय नारायण इंटर कॉलेज के मैदान पर रोमांच की पराकाष्ठा देखने को मिली। बनारस स्पोर्टिंग क्लब द्वारा आयोजित 44वें ऐतिहासिक क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को संपन्न हुआ। 1982 से अनवरत चली आ रही इस परंपरा में इस वर्ष भी पूर्वांचल सहित भदोही और बेलथरा की दिग्गज टीमों ने अपना कौशल दिखाया।

फाइनल का रोमांच: आरटीएससी बनाम मलिक मोबाइल

खिताबी भिड़ंत रेवड़ी तालाब की घरेलू टीम आरटीएससी (RTSC) और बजरडीहा की मलिक मोबाइल स्पोर्टिंग क्लब के बीच हुई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मलिक मोबाइल की टीम ने निर्धारित 8 ओवरों में शानदार 85 रन बनाए और आरटीएससी के सामने एक चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।

अर्जुन की 'विस्फोटक' पारी ने बदला मैच का रुख

लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरटीएससी की शुरुआत आक्रामक रही। टीम के स्टार खिलाड़ी अर्जुन ने मैदान के चारों ओर चौकों और छक्कों की बौछार कर दी। अर्जुन ने महज 16 गेंदों में 50 रन की तूफानी पारी खेलकर मैच को एकतरफा कर दिया और अपनी टीम को खिताबी जीत दिला दी।

पुरस्कारों की बौछार

शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए अर्जुन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इतना ही नहीं, पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल के लिए उन्हें 'मैन ऑफ द सीरीज' और 'बेस्ट बॉलर' के खिताब से भी नवाजा गया।

दर्शकों से खचाखच भरा रहा मैदान

करीब 20 दिनों तक चले इस टूर्नामेंट के फाइनल को देखने के लिए हजारों की संख्या में खेल प्रेमी उमड़े। आयोजक समिति के सदस्य मो. नसीम, अजमल, अमन खान, जफर खान, सलमान और फैसल खान ने सफल आयोजन के लिए सभी टीमों और दर्शकों का आभार जताया। आयोजकों ने कहा कि यह टूर्नामेंट केवल एक खेल नहीं, बल्कि काशी की खेल संस्कृति और एकता का प्रतीक बन चुका है।