{"vars":{"id": "125128:4947"}}

CPL-2025: चिल्ड्रेन प्रीमियर लीग की भव्य शुरुआत, बच्चों में क्रिकेट के प्रति जुनून जगाने का संकल्प

राज इंग्लिश स्कूल व राज स्पोर्ट्स अकादमी की पहल—CIMS ट्रॉफी का आकर्षक उद्घाटन, मार्चपास्ट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और खिलाड़ियों ने ली खेल भावना की शपथ

 

वाराणसी।  राज इंग्लिश स्कूल और राज स्पोर्ट्स एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चिल्ड्रेन प्रीमियर लीग (CPL-2025) CIMS ट्रॉफी का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को होटल बुद्धा पार्क और राज इंग्लिश स्कूल मैदान में शानदार आयोजन के साथ किया गया। कार्यक्रम ने बच्चों में क्रिकेट के प्रति उत्साह और ऊर्जा जगाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत राज इंग्लिश स्कूल के निदेशक हर्षवर्धन सिंह द्वारा जर्सी लॉन्चिंग से हुई। जर्सी अनावरण के बाद सभी खिलाड़ी स्कूल मैदान पहुंचे जहां CPL अध्यक्ष रत्नेश दुबे और महासचिव मनोज श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत-सम्मान किया।

मुख्य अतिथि राज इंग्लिश स्कूल के चेयरमैन डॉ. हरिओम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि CPL का मुख्य उद्देश्य नन्हें बच्चों को क्रिकेट का सही मार्गदर्शन देकर उनका भविष्य संवारना है। विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार स्नेहरंजन ने कहा कि CPL को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि आज यह बच्चे CPL खेल रहे हैं, कल यही IPL और आगे चलकर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अरविंद सिंह ने बच्चों को भविष्य का उभरता सितारा बताया।

कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके बाद जाकिर हुसैन और जे.पी. पाण्डेय के नेतृत्व में स्काउट-गाइड बच्चों व खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

ज्योति सोनी के निर्देशन में 50 बच्चों ने ‘जय हो’ गीत पर शानदार समूह नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

अंतरराष्ट्रीय एथलीट कोच दिनेश जायसवाल ने खिलाड़ियों को खेल और खेल भावना की शपथ दिलाई। क्रीड़ा भारती के प्रांतीय अध्यक्ष पंकज श्रीवास्तव के नेतृत्व में अतिथियों ने खिलाड़ियों को मशाल सौंपकर उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि डॉ. हरिओम सिंह, वरिष्ठ पत्रकार स्नेहरंजन और डॉ. अरविंद सिंह ने CIMS ट्रॉफी का अनावरण किया। तत्पश्चात राष्ट्रगान के साथ उद्घाटन समारोह समाप्त हुआ।

कार्यक्रम का संचालन CPL महासचिव मनोज श्रीवास्तव ने किया। आँखों देखा हाल सुभाष सिंह ने प्रस्तुत किया तथा धन्यवाद ज्ञापन राज इंग्लिश स्कूल के प्राचार्य विनोद कुमार मिश्रा और CIMS की प्रबंध निदेशक मुक्ता श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया।

समारोह में स्टेट पैनल अंपायर आर.पी. गुप्ता, सृष्टि यादव, पंकज यादव, उपेंद्र सिंह, अशोक यादव सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, खेलप्रेमी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

CPL-2025 का यह भव्य उद्घाटन शहर में बच्चों की प्रतिभा और खेल के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।