{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी में 20 फरवरी से अटल अजीत मेमोरियल T20 दिव्यांग क्रिकेट ट्रॉफी, यूपी–बिहार टीमें लेंगी हिस्सा

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के IMS मैदान पर होंगे तीन मुकाबले, नेपाल सांसद रेखा यादव करेंगी उद्घाटन

 

वाराणसी, भदैनी मिरर। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई एवं पद्मश्री अजीत वाडेकर की स्मृति में आयोजित होने वाली अटल अजीत मेमोरियल T20 दिव्यांग क्रिकेट ट्रॉफी का आयोजन 20 और 21 फरवरी को किया जाएगा। प्रतियोगिता का मंच होगा काशी हिंदू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान (IMS) का मैदान।

यह राष्ट्रीय स्तर की दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता पिछले लगभग एक दशक से लगातार आयोजित की जा रही है। इस वर्ष टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश और बिहार की टीमें हिस्सा लेंगी। कुल तीन मुकाबले खेले जाएंगे—20 फरवरी को दो मैच जबकि 21 फरवरी को फाइनल मुकाबला आयोजित होगा।

प्रतियोगिता के बारे में जानकारी देते हुए ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव डॉ. संजय चौरसिया ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि नेपाल की सांसद रेखा यादव होंगी, जबकि समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राजेंद्र चतुर्वेदी उपस्थित रहेंगे।

इस प्रतियोगिता के लिए युग तिवारी को संयोजक तथा अभिषेक पांडे को सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। वहीं एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने कहा कि खेल के माध्यम से दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे उनका आत्मबल और मनोबल बढ़ रहा है। उन्होंने समाज और सरकार से इस पहल में सहयोग की अपील की।

आयोजन से पहले मैदान का निरीक्षण कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी डॉ. मनोज तिवारी को सौंपी गई है।