Shardiya Navratri 2025 : इस बार 9 नहीं बल्कि 10 दिनों की होगी नवरात्रि, क्या है इसके पीछे का कारण
Shardiya Navratri 2025 : इस साल शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ सोमवार, 22 सितंबर 2025 से होगा। पहले दिन कलश स्थापना के साथ माता दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा प्रारंभ होगी। सामान्यतः यह पर्व नौ दिनों तक मनाया जाता है, लेकिन इस बार नवरात्रि 10 दिनों की रहेगी और उसके बाद 11वें दिन दुर्गा विसर्जन किया जाएगा। आइए जानते है कि ऐसा क्यों है।
नवरात्र शुभ मुहूर्त
पंचांग के अनुसार, आश्विन मास की शुक्ल पक्ष प्रतिपदा तिथि 22 सितंबर को रात 1:23 बजे से शुरू होकर 23 सितंबर को रात 2:55 बजे तक रहेगी। इसी आधार पर शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ 22 सितंबर, सोमवार से माना जाएगा।
10 दिन की क्यों है शारदीय नवरात्रि?
पंचांग के अनुसार, शारदीय नवरात्रि का प्रारंभ आश्विन शुक्ल प्रतिपदा से होता है और समापन महानवमी पर किया जाता है। दृक पंचांग गणना के मुताबिक, इस बार नवरात्रि में तृतीया तिथि दो दिनों तक पड़ रही है, जिसकी वजह से कुल अवधि 9 के बजाय 10 दिन की हो गई है।
विशेष फलदायी मानी जाती है 10 दिनों की नवरात्रि
शास्त्रों में वर्णित है कि नौ दिनों की नवरात्रि को शुभ और कल्याणकारी माना जाता है। वहीं, जब यह पर्व 10 दिनों का होता है, तो इसे अत्यंत फलदायी और विशेष प्रभावशाली माना जाता है। भक्तजन इस दौरान मां दुर्गा की साधना कर विशेष पुण्य और कृपा प्राप्त करते हैं।
कब होगा समापन और विसर्जन
इस वर्ष शारदीय नवरात्रि का समापन 1 अक्टूबर 2025 को महानवमी के हवन के साथ होगा। इसके अगले दिन 2 अक्टूबर को विजयादशमी और नवरात्रि पारण किया जाएगा।