{"vars":{"id": "125128:4947"}}

काशी में क्रिसमस की धूम: गिरजाघरों में गूंजे कैरल, मध्य रात्रि प्रभु यीशु के जन्म का उत्सव

सेंट मेरीज महागिरजा बना आस्था का केंद्र, बिशप यूजीन जोसफ बोले—मन से बुराई दूर कर शांति और प्रेम का संदेश अपनाएं 

 

रिपोर्ट - वीरेंद्र पटेल 

वाराणसी, भदैनी मिरर। देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी में बुधवार को क्रिसमस का पर्व पूरे उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। बुधवार दोपहर बाद से ही शहर में क्रिसमस की खुशियां चरम पर पहुंच गईं। रंग-बिरंगी लाइटों, फानूस और सजावट से सजे गिरजाघरों में शाम होते ही प्रार्थनाओं का दौर शुरू हो गया।
मध्य रात्रि जैसे ही चरनी में मरियम के लाल प्रभु यीशु मसीह के जन्म का संदेश दिया गया, गिरजाघरों में “आया है यीशु आया है, मुक्ति साथ ले आया है” जैसे भक्ति गीतों और कैरल्स की गूंज सुनाई देने लगी। इसके बाद केक काटकर एक-दूसरे को क्रिसमस की बधाइयां दी गईं।
छावनी स्थित सेंट मेरीज महागिरजा में भव्य रात्रि प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिशप फादर यूजीन जोसफ ने प्रभु यीशु के आगमन और उनके प्रेम, करुणा व शांति के संदेश पर प्रकाश डाला। चर्च की टोली द्वारा प्रस्तुत किए गए कैरल गीतों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके साथ ही तीन दिवसीय क्रिसमस उत्सव की औपचारिक शुरुआत हो गई।
भदैनी मिरर से बातचीत में बिशप फादर यूजीन जोसफ ने सभी को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, “हमें अपने मन से हर प्रकार की बुराई को दूर कर हृदय को पवित्र रखना चाहिए। क्रिसमस आनंद, प्रेम और शांति का पर्व है, जो आने वाले नववर्ष को भी सुखमय बनाने का संदेश देता है।”
इसके अलावा सेंट थॉमस चर्च (गोदौलिया), लाल गिरजाघर (नदेसर), तेलियाबाग चर्च, सेंट पॉल्स चर्च (सिगरा), रामकटोरा चर्च, बेथेलफुल गॉस्पल चर्च (महमूरगंज) सहित शहर के अन्य चर्चों में भी विशेष प्रार्थनाएं आयोजित की गईं। श्रद्धालु एक-दूसरे को गले लगाकर और मिठाइयां बांटकर क्रिसमस की खुशियां साझा करते नजर आए।
हालांकि, मसीही आस्था का प्रमुख केंद्र होने के कारण सेंट मेरीज महागिरजा, छावनी क्षेत्र विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। युवाओं में लोकप्रिय होने के चलते यहां भारी भीड़ देखने को मिली। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
काशी में मनाया गया क्रिसमस पर्व एक बार फिर प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देकर लोगों के दिलों में खुशी की रोशनी बिखेर गया।
चर्चों की अब तस्वीरें देखें-