देश की राजधानी दिल्ली में घर के बाहर दिनदहाड़े महिला की गोली मारकर हत्या
तीन साल पहले हुई थी पति विजेंद्र यादव की प्रापर्टी विवाद में हत्या, घटना की मुख्य गवाह थी रचना
शालीमार बाग थाना क्षेत्र में ताबड़तोड़ फायरिंग से सनसनी, राजधानी की सुरक्षा को लेकर उठने लगे सवाल
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के शालीमार बाग थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े 11 बजे अपराधियों ने पति की हत्या की मुख्य गवाह रचना यादव की उनके घर के बाहर ही ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बेखौंफ बदमाश भागने में कामयाब हो गये। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची। मौके की जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटना को लेकर महिला के पति के हत्यारों पर शक की सूई घूम रही है। पुलिस पुरानी रंजिश को भी घटना का कारण मानकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार महिला रचना के पति विजेंद्र यादव की बदमाशों ने प्रापर्टी विवाद में तीन साल पहले गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के कुछ हमलावर अभी फरार हैं। पुलिस और आसपास के लोगों को शक उन्हीं फरार बदमाशों पर है। गोलियों की आवाज सुनकर निकले आसपास के लोग घायल महिला को पास के अस्पताल में ले गये, जहां डॉक्टरों ने रचना को मृत घोषित कर दिया। शालीमार बाग थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। रचना यादव साहसी महिला थी। न्याय और पति के हत्यारों को सजा दिलाने के लिए महिला मुकदमा लड़ रही थी। यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। मृतका की दो बेटियां हैं। एक बेटी की शादी हो चुकी है। दूसरी बेटी पढ़ाई करती है।
वैसे देश की राजधानी मेंं इस तरह के वारदात हो रहे हैं। इससे लोगों के दहशत का माहौल है और वह सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। चर्चा है कि महिला पति की हत्या की मुख्य गवाह थी। घटना के तीन साल बाद भी पति के कुछ हत्यारोपितों का अब तक फरार होना भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाता है। बताया जाता है कि महिला की गवाही से हत्यारोपितों को सजा मिलना तय माना जा रहा था। इसलिए हत्यारों ने उसे ही रास्ते से हटा दिया।