West Bengal Day: पीएम मोदी का बड़ा बयान- 'बंगाल ने भारत के इतिहास को आकार दिया'; आज कोलकाता में रात्रि विश्राम, कल मनाएंगे योग दिवस
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को किया याद; 'योग संगम' में बंगाल ने रचा इतिहास
ब्यूरो, भदैनी मिरर: पश्चिम बंगाल दिवस के गौरवशाली अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने भारत के निर्माण में पश्चिम बंगाल की ऐतिहासिक, बौद्धिक और सांस्कृतिक भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि बंगाल ने साहित्य, संगीत, कला, आध्यात्मिकता, विज्ञान और समाज सुधार जैसे क्षेत्रों से देश की राष्ट्रीय चेतना को समृद्ध किया है।
प्रधानमंत्री ने 20 जून के ऐतिहासिक महत्व का विशेष जिक्र करते हुए कहा कि इसी दिन यह तय हुआ था कि पश्चिम बंगाल भारत का एक अभिन्न अंग बना रहेगा। उन्होंने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के अमूल्य योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि साल 2026 में देश डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती मना रहा है और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
পশ্চিমবঙ্গ দিবস উপলক্ষে পশ্চিমবঙ্গের আমার বোন ও ভাইদের জানাই আন্তরিক শুভেচ্ছা।
— Narendra Modi (@narendramodi) June 20, 2026
এই দিনটি এমন এক রাজ্যকে উদযাপন করে যা সাহিত্য, সঙ্গীত, শিল্প, আধ্যাত্মিকতা, বিজ্ঞান, বাণিজ্য ও ব্যবসা, সমাজ সংস্কার এবং আরও অনেক বৈচিত্র্যময় ক্ষেত্রে তার অবদানের মাধ্যমে ভারতের ইতিহাসকে রূপদান…
बीजेपी सरकार बनने के बाद पीएम मोदी का पहला बंगाल दौरा
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पहली बार राज्य के दौरे पर पहुंच रहे हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार, पीएम मोदी दोपहर 3:45 बजे बंगाल पहुंचेंगे।
बंगाल को मिलेंगी ये सौगातें:
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे।
राज्य के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।
शाम को विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद पीएम मोदी आज रात कोलकाता के राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगे और अगले दिन यहीं विश्व योग दिवस मनाएंगे।
'योग संगम' अभियान में पश्चिम बंगाल ने बनाया देश में सबसे बड़ा रिकॉर्ड
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के बीच आयुष मंत्रालय के 'योग संगम पोर्टल' ने पंजीकरण का एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पोर्टल पर पंजीकरण कराने वाले संगठनों की संख्या 6 लाख के पार पहुंच गई है।
इस अभियान में सबसे खास बात यह रही कि देश के सभी राज्यों में से पश्चिम बंगाल ने सबसे अधिक भागीदारी दर्ज की है, जहां 2.76 लाख से ज्यादा संगठनों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इस सूची में राजस्थान लगभग 1.50 लाख पंजीकरणों के साथ दूसरे स्थान पर है। इसके अलावा महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, असम, उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु जैसे राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया है।
इस साल की थीम: 'Yoga for Healthy Ageing'
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 को लेकर आयुष मंत्रालय का मानना है कि 21 जून को देश और दुनिया में एक नया रिकॉर्ड बनेगा।
-
थीम 2026: इस वर्ष की थीम ‘Yoga for Healthy Ageing’ (हेल्दी एजिंग के लिए योग) रखी गई है।
-
उद्देश्य: इस थीम का मुख्य उद्देश्य सभी आयु वर्ग के लोगों, विशेषकर बुजुर्गों के लिए योग के महत्व को समझाना है, ताकि एक स्वस्थ, सक्रिय और संतोषजनक जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा सके।
मंत्रालय के अनुसार, रिकॉर्ड स्तर पर हुए ये पंजीकरण संकेत देते हैं कि 21 जून को आयोजित होने वाला यह समारोह अब तक के सबसे बड़े सामूहिक जन-आंदोलनों में से एक होने जा रहा है।