{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन लॉन्च अपडेट: दिवाली तक मिल सकती है खुशखबरी, जानें किन रूट्स पर चल सकती है सेवा

रेल मंत्री ने दिया वंदे भारत स्लीपर ट्रेन लॉन्च का अपडेट, अक्टूबर मध्य तक तैयार हो सकती है दूसरी ट्रेन

 

दिवाली पर ट्रेनों के पटरी पर उतरने की संभावना

किन-किन रूट्स पर चल सकती है वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

दिल्ली-फिरोजपुर कैंट के बीच नई वंदे भारत का प्रस्ताव

नई दिल्ली।  दिवाली से पहले यात्रियों को भारतीय रेलवे की तरफ से बड़ी सौगात मिल सकती है। लंबे समय से चर्चा में रही वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अहम जानकारी दी है। मंगलवार को उन्होंने कहा कि जब तक दूसरी ट्रेन तैयार नहीं हो जाती, तब तक सेवा शुरू नहीं की जाएगी। रेल मंत्री ने संकेत दिए कि अक्टूबर मध्य तक दूसरी ट्रेन का काम पूरा हो सकता है और उसके बाद ही दोनों रेक एकसाथ पटरियों पर उतारे जाएंगे।

रेल मंत्री ने कहा, "हम चाहते हैं कि शुरुआत से ही सेवाएं सुचारू रूप से चलें। इसलिए दूसरी रेक तैयार होने का इंतजार जरूरी है। जैसे ही दोनों तैयार हो जाएंगी, रूट तय कर संचालन शुरू कर देंगे।"

दिवाली पर मिल सकती है खुशखबरी

अधिकारियों का कहना है कि अक्टूबर मध्य तक ट्रेन तैयार हो सकती है और अगर सबकुछ तय समय पर हुआ, तो दिवाली तक यात्रियों को इस हाईटेक ट्रेन में सफर करने का मौका मिल सकता है।

इन रूट्स पर चल सकती है वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

हालांकि अभी रूट को लेकर आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन अटकलें हैं कि पहली ट्रेन नई दिल्ली से पटना के बीच चलाई जा सकती है। इसके अलावा रेल मंत्री ने बताया कि नई दिल्ली से फिरोजपुर कैंट के बीच भी वंदे भारत ट्रेन का प्रस्ताव भेजा गया है।

यह ट्रेन फरीदकोट, बठिंडा, धुरी, पटियाला, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र और पानीपत जैसे प्रमुख स्टेशनों को जोड़ेगी। मंत्रालय का कहना है कि यह ट्रेन दिल्ली से फिरोजपुर कैंट के बीच 486 किमी का सफर महज 6 घंटे 40 मिनट में पूरा करेगी।

पंजाब को मिली नई रेल लाइन की सौगात

रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने बताया कि जल्द ही 18 किमी लंबी राजपुरा–मोहाली लाइन पूरी होगी। यह लाइन इस क्षेत्र को अंबाला-अमृतसर मेन लाइन के जरिए सीधे चंडीगढ़ से जोड़ेगी।

रेल मंत्री के इस बयान के बाद यात्रियों में उत्साह बढ़ गया है। खासकर दिल्ली, बिहार और पंजाब रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को उम्मीद है कि दिवाली पर उन्हें वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सौगात मिल जाएगी।