{"vars":{"id": "125128:4947"}}

उत्तराखंड: पूर्व CM हरिश रावत का कांग्रेस पदों से इस्तीफा, करीबी PA के घर ED की रेड में मिले 32 लाख कैश

UKSSSC 2016 भर्ती घोटाले में ED की बड़ी कार्रवाई; निजी सहायक चंदन सिंह जीना के ठिकानों से करोड़ों का सामान और नकदी जब्त, रावत बोले— 'सत्य सामने आएगा'।

 

भदैनी मिरर डेस्क, देहरादून/वाराणसी: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने शुक्रवार को पार्टी के सभी संगठनात्मक पदों से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। यह फैसला उन्होंने अपने निजी सहायक (PA) चंदन सिंह जीना के परिसरों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी के बाद लिया है।

ED की यह कार्रवाई वर्ष 2016 में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा आयोजित 'ग्राम पंचायत विकास अधिकारी' भर्ती परीक्षा में हुई धांधली और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच से जुड़ी है।

ED की छापेमारी: cash, सोना और रोलैक्स घड़ियां जब्त

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को देहरादून सहित कई स्थानों पर छापेमारी की। जांच एजेंसी के अनुसार, हरीश रावत के PA चंदन सिंह जीना के आवास से:

  • 32 लाख रुपये की बेनामी नकदी

  • 200.5 ग्राम सोना (13 सोने के सिक्के और 7 सोने की चेन)

  • 12 लग्जरी घड़ियां (रोलैक्स, राडो, पियाजे, मोवाडो, टिसोट और कैसियो)

इसके अलावा, ED ने जीना और उनके परिवार के सदस्यों के बैंक खातों में जमा 52.16 लाख रुपये को फ्रीज कर दिया है।

क्या था 2016 का UKSSSC भर्ती घोटाला?

ED की जांच के अनुसार, 2016 की परीक्षा के दौरान OMR उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित हिरासत से निकालकर धांधली की गई थी। कम भरे हुए OMR शीट के रोल नंबरों को निजी कंप्यूटर एजेंसी के कर्मियों को सौंपा गया था, जिन्होंने पैसे लेकर फर्जी तरीके से सही उत्तर भरे थे। चंदन सिंह जीना 2014 से 2017 के बीच हरीश रावत के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान उनके विशेष कार्य अधिकारी (OSD) भी रह चुके हैं।

हरीश रावत ने क्यों दिया इस्तीफा?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक लंबी पोस्ट शेयर करते हुए हरीश रावत ने कहा कि वे नहीं चाहते कि किसी सहयोगी पर लगे आरोपों की वजह से कांग्रेस पार्टी की भ्रष्टाचार विरोधी लड़ाई कमजोर हो।

रावत ने लिखा, "राज्य में चुनाव का माहौल बन रहा है और मेरे खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। ऐसे समय में जब राहुल गांधी देशभर में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, मैं नहीं चाहता कि मेरी वजह से पार्टी के अभियान को कोई नुकसान पहुंचे। इसलिए मैं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी और कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के स्थायी आमंत्रित सदस्य के पद से खुद को अलग कर रहा हूँ।"

"मुझे आरोपों पर यकीन नहीं, लेकिन जांच से सच आएगा सामने"

हरीश रावत ने अपने PA का बचाव करते हुए कहा कि चंदन जीना एक विनम्र और मेहनती इंसान हैं। यदि उन्होंने OMR शीट से छेड़छाड़ की है और इसके सबूत मिलते हैं तो यह शर्मनाक है, लेकिन वे इस आरोप पर आसानी से विश्वास नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में जांच से पूरा सच सामने आ जाएगा।