{"vars":{"id": "125128:4947"}}

उन्नाव रेप केस : महिलाओं ने किया दिल्ली हाईकोर्ट के बाहर विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने दी चेतावनी

पोस्टर और तख्तियां लेकर पहुंची थी महिलाएं, कुलदीप सिंह सेंगर को जमानत के खिलाफ नारेबाजी

 

पुलिस ने कहा-प्रदर्शन करना हो तो जंतर-मंतर पर जांय, पीड़िता की मां ने कहा-हम सुप्रीम कोर्ट जायेंगे

नई दिल्ली। पूर्व भाजपा विधायक और उन्नाव रेप केस में दोषी ठहराए गए कुलदीप सेंगर के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट के फ़ैसले के खिलाफ शुक्रवार को महिलाओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाएं हाथों में नारे लिखे पोस्टर और तख्तियां लिये हुए थीं। महिलाएं कुलदीप सिंह सेंगर को जमानत दिये जाने के खिलाफ हैं। हालांकि पुलिस ने उन्हें फौरन प्रदर्शन खत्म करने की चेतावनी दी।

गौरतलब है कि दिल्ली हाई कोर्ट ने 23 दिसंबर को पूर्व बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की सज़ा निलंबित करते हुए उन्हें ज़मानत दे दी थी। 2017 के उन्नाव दुष्कर्म मामले में दोषी कुलदीप सिंह सेंगर को सशर्त जमानत देने के फैसले के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में महिलाएं जुटीं और नारेबाजी करने लगीं। महिलाओं के प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दी गई थी। पुलिस ने माइक से घोषणा की कि विरोध प्रदर्शन तत्काल खत्म किया जाय नही तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अगर आप विरोध करना चाहते हैं, तो जंतर-मंतर पर जांय। उधर, पीड़िता की मां ने कहाकि कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत खारिज की जाय। इस मामले में हम सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। यह भी कहाकि हमें हाईकोर्ट पर भरोसा नहीं रहा। हमें सुप्रीम कोर्ट से न्याय मिलेगा। मेरे पति के हत्यारों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए।

रामपुर में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन, पुतला फूंका

उधर, कुलदीप सिंह सेंगर को जमानत के विरोध में देश में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन होने लगे हैं। यूपी के रामपुर में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्नाव दुष्कर्म केस के आरोपित पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को जमानत मिलने के विरोध में पहाड़ी गेट चौराहे पर नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए आरोपी को सरकार से फांसी की मांग की। युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव मनी कपूर ने कहा एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के मामले में कुलदीप सिंह सेंगर को उम्रकैद की सजा हुई थी। जिस व्यक्ति को फांसी की सजा होनी चाहिए थी उसको जमानत मिलना शर्म की बात है। इससे अपराधियों के हौसले बुलंद होंगे और देश में अपराधी बेखौफ होकर घूमेंगे। अदालत के ऐसे फैसलों से जनता का भरोसा भी न्यायपालिका से उठ जाएगा। इसलिए हम केंद्र सरकार से मांग करते है कि तत्काल पीड़िता को न्याय मिले और आरोपी को फांसी की सजा हो। इस दौरान नगर अध्यक्ष यावर खां, शारुख, राहुल कश्यप, फरमान खां, तौसीफ खां आदि रहे।