Trent Limited Bonus Share: टाटा ग्रुप का बड़ा धमाका! ट्रेंट लिमिटेड पहली बार देगी बोनस शेयर, साथ में ₹6 डिविडेंड का भी तोहफा
हर 2 शेयर पर मिलेगा 1 फ्री बोनस शेयर, कंपनी के इतिहास में पहली बार उठाया यह कदम।
मुंबई (भदैनी मिरर): टाटा ग्रुप की दिग्गज रिटेल कंपनी ट्रेंट लिमिटेड (Trent Limited) ने अपने निवेशकों की चांदी कर दी है। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया है कि वह पहली बार अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर (Bonus Share) का तोहफा देने जा रही है। इसके साथ ही कंपनी ने ₹6 प्रति शेयर के डिविडेंड का भी ऐलान किया है।
क्या है बोनस का गणित और रिकॉर्ड डेट?
ट्रेंट लिमिटेड ने घोषणा की है कि कंपनी के पात्र निवेशकों को 2 शेयर पर 1 शेयर बोनस के रूप में दिया जाएगा। इस बोनस इश्यू का लाभ उठाने के लिए कंपनी ने 29 मई 2026 को रिकॉर्ड डेट (Record Date) के रूप में निर्धारित किया है। इसका मतलब है कि इस तारीख तक जिन निवेशकों के पास कंपनी के शेयर होंगे, वे बोनस के हकदार होंगे।
डिविडेंड का भी मिलेगा लाभ
बोनस के अलावा, कंपनी अपने निवेशकों को ₹6 प्रति शेयर का डिविडेंड भी दे रही है। डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 10 जून 2026 तय की गई है।
कैसा रहा है शेयरों का प्रदर्शन?
बाजार के पिछले कारोबारी सत्र में ट्रेंट लिमिटेड के शेयरों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा:
-
ताजा भाव: बीएसई (BSE) पर शेयर 2% की गिरावट के साथ ₹4144.30 के स्तर पर बंद हुआ।
-
शॉर्ट टर्म: पिछले एक महीने में स्टॉक में 25% की शानदार तेजी देखी गई है।
-
लॉन्ग टर्म: भले ही पिछले एक साल में शेयर 19% लुढ़का हो, लेकिन 5 साल में इसने 433% और 10 साल में 2349% का छप्परफाड़ रिटर्न देकर निवेशकों को मालामाल किया है।
-
मार्केट कैप: वर्तमान में कंपनी का मार्केट कैप ₹1.47 लाख करोड़ है।