Train Accident: 'सिग्नल लाल है, इमरजेंसी ब्रेक काम नहीं कर रहा...'; कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस हादसे से पहले लोको पायलट का वीडियो आया सामने
ब्रेक फेल होने के बाद बैरिकेड्स से टकराकर बेपटरी हुए 5 डिब्बे; सभी यात्री सुरक्षित, राहत एवं बचाव कार्य जारी
गुवाहाटी/नेशनल डेस्क (भदैनी मिरर): पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के गुवाहाटी खंड से एक बड़ा रेल हादसा सामने आया है, जहां मिजोरम जा रही कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 13125) डिगारू रेलवे स्टेशन के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के ठीक पहले ट्रेन के इंजन (लोको पायलट केबिन) से एक बेहद खौफनाक वीडियो सामने आया है, जिसने रेलवे सुरक्षा और इमरजेंसी ब्रेकिंग सिस्टम पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
'सिग्नल लाल है, कुछ काम नहीं कर रहा...'
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे लोको केबिन के इस वीडियो में ट्रेन चालक (लोको पायलट) की घबराहट और बेबस आवाज साफ सुनी जा सकती है। चालक यह कहते हुए सुनाई दे रहा है:
"सिग्नल रेड है... इमरजेंसी लगा हुआ है, लेकिन काम नहीं कर रहा है। कुछ भी काम नहीं कर रहा है।"
बटन और लीवर दबाने की कोशिशों के कुछ ही पलों बाद तेज रफ्तार ट्रेन सुरक्षा बैरिकेड्स से जा टकराती है और जोरदार धमाके की आवाज के साथ पटरी से उतर जाती है।
डिगारू स्टेशन पर सुबह 6:54 बजे हुआ हादसा
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह घटना असम के कामरूप (मेट्रो) जिले में स्थित डिगारू रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे घटी। ट्रेन को दूसरी गाड़ी को रास्ता (प्रेसीडेंस) देने के लिए डिगारू स्टेशन के लूप लाइन पर लिया जा रहा था। इसी दौरान लोको पायलट की इमरजेंसी ब्रेक काम नहीं कर सकी और ट्रेन की रफ्तार पर नियंत्रण नहीं रहा, जिससे इंजन समेत 5 बोगियां पटरी से उतर गईं।
यात्री सुरक्षित, कई ट्रेन सेवाएं प्रभावित
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) के.के. शर्मा ने बताया कि हादसे में सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के हताहत या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। फंसे हुए यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेन के जरिए उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया है।
दुर्घटना के तुरंत बाद वरिष्ठ रेल अधिकारियों और राहत-बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर पटरियों को खाली कराने का काम शुरू कर दिया। हालांकि, इस हादसे के चलते क्षेत्रीय रेल परिचालन पर असर पड़ा है:
-
ट्रेन नं. 12067 (गुवाहाटी-जोरहाट टाउन जनशताब्दी एक्सप्रेस) को पानबारी स्टेशन पर रोका गया।
-
ट्रेन नं. 15627 (कोयम्बटूर-सिलचर एक्सप्रेस) को पानीखैती स्टेशन पर नियंत्रित कर खड़ा किया गया।
रेलवे प्रशासन ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि ब्रेक फेलियर और लोको केबिन वीडियो में किए गए दावों की सटीक तकनीकी जांच की जा सके।