{"vars":{"id": "125128:4947"}}

सुप्रीम कोर्ट में 27 अगस्त को छुट्टी घोषित: 22 अगस्त (शनिवार) को रहेगा वर्किंग डे, SCAORA की मांग पर बड़ा फैसला

मिलाद-उन-नबी और रक्षाबंधन के बीच मिली एक्स्ट्रा छुट्टी, क्षतिपूर्ति के लिए शनिवार को खुलेगा सुप्रीम कोर्ट और रजिस्ट्री दफ्तर

 

नई दिल्ली (भदैनी मिरर): सुप्रीम कोर्ट के वकीलों और कर्मचारियों के लिए एक बड़ी खबर है। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन से जुड़े 'सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट्स-ऑन-रिकॉर्ड एसोसिएशन' (SCAORA) के अनुरोध को स्वीकार करते हुए शीर्ष अदालत ने 27 अगस्त 2026 (गुरुवार) को अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में प्रशासनिक सामान्य शाखा द्वारा एक आधिकारिक सर्कुलर जारी कर दिया गया है।

फुल कोर्ट की बैठक में मंजूर किए गए इस फैसले के तहत, 27 अगस्त की छुट्टी की भरपाई के लिए 22 अगस्त 2026 (शनिवार) को सुप्रीम कोर्ट और इसकी रजिस्ट्री के लिए पूर्ण कार्यदिवस (Working Day) घोषित किया गया है।

22 अगस्त को शाम 5 बजे तक काम करेगी रजिस्ट्री

जारी सर्कुलर के अनुसार, शनिवार होने के बावजूद 22 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट और उसकी रजिस्ट्री पूरी क्षमता के साथ काम करेगी। इस दिन रजिस्ट्री कार्यालय सामान्य दिनों की तरह शाम 5 बजे तक चालू रहेंगे, ताकि अदालती कामकाज में कोई बाधा न आए।

 (लगातार) छुट्टियों का मिला फायदा सुप्रीम कोर्ट के वार्षिक कैलेंडर के अनुसार:

  • 26 अगस्त (बुधवार): मिलाद-उन-नबी का अवकाश

  • 27 अगस्त (गुरुवार): SCAORA की मांग पर घोषित नया अवकाश

  • 28 अगस्त (शुक्रवार): रक्षाबंधन का त्योहार

27 अगस्त को अवकाश घोषित होने से वकीलों और अदालत के कर्मचारियों को 26 अगस्त से 28 अगस्त तक लगातार 3 दिनों की छुट्टी का लाभ मिल जाएगा। इसके बाद शनिवार और रविवार का सप्ताहांत (Weekend) होने से यह राहत और बढ़ जाएगी। इसी सुविधा को ध्यान में रखते हुए शनिवार (22 अगस्त) को वर्किंग डे बनाकर इस छुट्टी की क्षतिपूर्ति की गई है।