पंचमढ़ी में बोले राहुल गांधी-मध्य प्रदेश में बच्चों को अखबार पर भोजन परोसना बेहद दुखद
पार्टी कार्यकर्ताओं का बढ़ाया हौसला, बोले-हिम्मत से लड़ना है, सरकार कांग्रेस की बनेगी
दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे कांग्रेस नेता, जिला अध्यक्षों को दिया जीत का मंत्र, 2028 चुनाव की बनी रणनीति
मध्यप्रदेश। कांग्रेस नेता राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर पचमढ़ी पहुंचे, यहां जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में जीत का मंत्र दिया। इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश में बच्चों को अखबार पर भोजन परोसे जाने की घटना पर दुख जताया और भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने पार्टी नेताओं और जिला अध्यक्षों के साथ 2028 विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति तय की। नेताओं और कार्यकर्ताओं का हौंसला बढ़ाया। कहा-हिम्मत से लड़ना है, सरकार कांग्रेस की बनेगी।
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को मध्यप्रदेश के पचमढ़ी पहुंचे। फिर पार्टी संगठन के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें कीं। प्रवास के दौरान राहुल गांधी ने प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और जिला अध्यक्षों से संवाद किया। विधानसभा चुनाव 2028 के लिए पार्टी की मजबूती और रणनीति पर चर्चा की। कांग्रेस नेता राहुल गांधी दोपहर करीब 3.30 बजे हेलीकॉप्टर से पचमढ़ी पहुंचे और सीधे होटल हाईलैंड पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, डॉ. गोविंद सिंह, अरुण यादव, अजय सिंह और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के साथ लंबी बैठक की।
बैठक में पार्टी के भीतर गुटबाजी पर भी चर्चा हुई। चर्चा के बाद सभी नेताओं ने मतभेद भूलकर एकजुटता का संकल्प लिया। इससे पहले राहुल गांधी दोपहर करीब ढाई बजे भोपाल पहुंचे। राजा भोज एयरपोर्ट पर मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं विपक्ष के नेता उमंग सिंगार ने किया स्वागत। कुछ समय रुकने के बाद हेलीकाप्टर से जीतू पटवारी एवं उमंग सिंघार के साथ पचमढ़ी रवाना हुए।