तमिलनाडु में 'थलापति' युग का उदय: जोसेफ विजय ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, द्रविड़ दलों के वर्चस्व का हुआ अंत
जानें कौन-कौन शामिल है विजय की नई कैबिनेट में और कैसे बदला दक्षिण का सियासी समीकरण
चेन्नई: दक्षिण भारतीय राजनीति में आज एक नया इतिहास रच दिया गया है। तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के संस्थापक और प्रशंसकों के चहेते 'थलापति' सी. जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ले ली है। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में आयोजित एक भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई।
स्टेडियम में उमड़ा जनसैलाब, भावुक हुए पिता
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पूरा स्टेडियम विजय के समर्थकों के नारों से गूंज उठा। इस ऐतिहासिक पल को देख विजय के पिता और दिग्गज निर्देशक एस.ए. चंद्रशेखर भावुक नजर आए। समारोह में विपक्षी एकजुटता की झलक भी देखने को मिली, जहाँ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित देश के कई दिग्गज नेता विजय को बधाई देने पहुंचे।
द्रविड़ राजनीति के दौर का अंत!
विजय की इस जीत और शपथ ग्रहण के साथ ही तमिलनाडु की सियासत में दशकों से चले आ रहे DMK और AIADMK के वर्चस्व का अंत हो गया है। पहली बार राज्य में किसी गैर-द्रविड़ दल ने सत्ता की बागडोर संभाली है। विजय, जो पहली बार चुनाव लड़कर विधायक बने, अब सीधे राज्य की कमान संभाल रहे हैं।
विजय कैबिनेट: इन 9 मंत्रियों ने भी ली शपथ
मुख्यमंत्री विजय की सिफारिश पर राज्यपाल ने नौ मंत्रियों की नियुक्ति को मंजूरी दी है। सामाजिक समीकरणों को साधते हुए बनाई गई इस कैबिनेट में युवा और अनुभवी चेहरों का मिश्रण देखने को मिल रहा है।
विजय सरकार के मंत्रियों की सूची:
-
एन. आनंद
-
आधव अर्जुन
-
के.ए. सेंगोट्टैयन
-
एस. कीर्तना
-
केजी अरुणराज
-
पी. वेंकटरमन
-
आर. निर्मलकुमार
-
राजमोहन
-
टी.के. प्रभु
गठबंधन सरकार और एक हफ्ते का सस्पेंस
यह सरकार एक सप्ताह तक चली राजनीतिक मशक्कत और गठबंधन वार्ताओं के बाद अस्तित्व में आई है। विजय ने कांग्रेस, माकपा (CPIM), भाकपा (CPI), वीसीके (VCK) और आईयूएमएल (IUML) के सहयोग से सरकार बनाने का दावा पेश किया था। राजभवन में हुई लंबी बैठकों के बाद राज्यपाल ने टीवीके प्रमुख को सरकार बनाने का न्योता दिया।
तमिलनाडु की जनता को अब 'थलापति' विजय से काफी उम्मीदें हैं। सिनेमा के पर्दे पर राज करने वाले विजय के लिए अब असली चुनौती प्रशासनिक मोर्चे पर खुद को साबित करने की होगी।