{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Ram Rahim Furlough: राम रहीम को फिर मिली 30 दिन की फरलो, 16वीं बार सुनारिया जेल से आया बाहर; लेने पहुंचीं हनीप्रीत

तड़के सुबह लैंड क्रूजर और फॉर्च्यूनर गाड़ियों से सिरसा डेरे के लिए रवाना हुआ राम रहीम, जेल के बाहर तैनात रहा भारी पुलिस बल

 

रोहतक/सिरसा (भदैनी मिरर डेस्क): साध्वी यौन उत्पीड़न मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर जेल से बाहर आ गया है। हरियाणा सरकार द्वारा सोमवार को मंजूर की गई 30 दिनों की फरलो (Furlough) के बाद, मंगलवार तड़के सुबह करीब 6:32 बजे राम रहीम को जेल से रिहा किया गया। जेल से बाहर आने का राम रहीम का यह 16वां मौका है।

हनीप्रीत खुद लेने पहुंचीं सुनारिया जेल

राम रहीम को जेल से सुरक्षित ले जाने के लिए मंगलवार सुबह ठीक 6:00 बजे सिरसा डेरे से दो लग्जरी गाड़ियां (लैंड क्रूजर और फॉर्च्यूनर) सुनारिया जेल पहुंचीं। राम रहीम को रिसीव करने के लिए उसकी करीबी हनीप्रीत खुद गाड़ियों के काफिले के साथ मौजूद थीं। उनके साथ राम रहीम के वकील और निजी ड्राइवर भी जेल परिसर पहुंचे थे।

जेल प्रशासन द्वारा करीब आधे घंटे तक चली कागजी और कानूनी कार्रवाई को पूरा करने के बाद राम रहीम का काफिला कड़ी सुरक्षा के बीच सिरसा डेरे के लिए रवाना हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर आउटर हिसार बाईपास पर जेल मोड़ के पास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था और काफिले के साथ पुलिस की गाड़ियां भी चल रही हैं।

जनवरी में मिली थी 40 दिन की पैरोल

आपको बता दें कि इससे पहले इसी साल जनवरी महीने में राम रहीम को 40 दिनों की पैरोल मिली थी। वह अपनी फरलो की यह 30 दिनों की अवधि सिरसा स्थित अपने मुख्य डेरे में ही बिताएगा।

साल 2017 से जेल में बंद है राम रहीम

गौरतलब है कि पंचकूला स्थित सीबीआई (CBI) की विशेष अदालत ने साल 2017 में साध्वी यौन उत्पीड़न मामले में राम रहीम को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई थी। इसके बाद से ही वह रोहतक की सुनारिया जेल में अपनी सजा काट रहा है। सजा काटने के दौरान उसे अब तक कई बार पैरोल और फरलो मिल चुकी है, जिसे लेकर अक्सर कानूनी और राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं गर्म रहती हैं।