{"vars":{"id": "125128:4947"}}

धर्म का चोला ओढ़कर वृंदावन में कर रहे थे ‘कबूतरबाजी‘, पंजाब पुलिस ने दम्पती को किया गिरफ्तार

पंजाब के पटियाला के रहनेवाले हैं सौरभ गुप्ता और प्रगति गुप्ता

 

लोगों को विदेश भेजकर वसूलते थे 50 लाख से ढाई करोड़ रूपये

वृंदावन। अवैध तरीके से लोगों को विदेश भेजकर यानी ‘कबूतरबाजी‘ करने वाले पंजाब के सौरभ गुप्ता और उसकी पत्नी प्रगति गुप्ता ढाई साल से वृंदावन में धर्म का चोला ओढ़कर रह रहे थे। इन्हें रहकर पंजाब के मलेरकोटला थाने की पुलिस ने वृंदावन के हरेकृष्ण ऑर्चिड फ्लैट से गिरफ्तार कर लिया। बाकायदा कंठी-माला और धार्मिक पहनावे में रहनेवाले इस दम्पती को जब पुलिस ने गिरफ्तार किया तो आसपास के लोग भी दंग रह गये। 

सौरभ गुप्ता और उसकी पत्नी के खिलाफ अवैध तरीके से लोगों को विदेश भेजकर उनके 50 लाख से ढाई करोड़ रूपये तक वसूलने के आरोप में पंजाब के मलेरकोटला में एफआईआर दर्ज है। दोनों फरार चल रहे थे। पुलिस इनकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने दबिश देकर सुनरख मार्ग स्थित हरे कृष्णा आर्चिड के फ्लैट से गिरफ्तार किया है। इनके गिरफ्तार होते और इनकी करतूत का पता चलते ही सोसायटी में हलचल मच गई। पंजाब के पटियाला निवासी सौरभ गुप्ता और उनकी पत्नी प्रगति गुप्ता वृंदावन में अपने दो बच्चों के साथ ढाई साल से रह रहे थे। यहीं रहकर यह ‘कबूतरबाजी‘ का धंधा कर रहे थे। पुलिस टीम ने सुनरख मार्ग स्थित हरेकृष्ण ऑर्चिड के बी ब्लॉक के फ्लैट 812 में दबिश दी।

टीम का नेतृत्व मलेर कोटला के क्षेत्राधिकारी मानवजीत सिंह सिंधु कर रहे थे। तीन वाहनों से पुलिस दबिश देने पहुंची थी। जनवरी माह में इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। दोनों गले में कंठी और धार्मिक पहनावे में रहकर अपना असली चेहरा छिपाये हुए थे। छापे में स्थानीय पुलिस भी साथ थी। पुलिस ने दम्पती की गिरफ्तारी के बाद जिला अस्पताल में उनका मेडिकल कराया और रिमांड पर ले जाने के लिए मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। दरअसल कबूतरबाजी खेल से सम्बंधित है। पहले यह शौक नवाबों का होता था। लेकिन अवैध तरीके से लोगों को विदेश भेजने के धंधा करनवालों के लिए भी ‘कबूतरबाजी‘ शब्द का इस्तेमाल किया जाता है। इनकी गिरफ्तारी के साथ ही वृंदावन में एक बार फिर ऐसी चर्चाएं होने लगी कि वहां ऐसे अभी कई और लोग हैं जो जरायम जगत से जुड़े है और पुलिस से बचने के लिए वेष बदलकर वहां रह रहे हैं।