{"vars":{"id": "125128:4947"}}

राहुल गांधी के आरोपों के बाद प्रियंका गांधी ने शुरू किया 'वोट चोरी' के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान, लोगों से की ये अपील

 

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर "वोट चोरी" का गंभीर आरोप लगाने के अगले ही दिन कांग्रेस महासचिव और वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो संदेश साझा कर लोगों से 'वोट चोरी हस्ताक्षर अभियान' में जुड़ने की अपील की।

प्रियंका गांधी की अपील

कांग्रेस के आधिकारिक अकाउंट से साझा किए गए वीडियो में प्रियंका गांधी ने कहा, "जैसे हर वोट की अहमियत होती है, वैसे ही हर हस्ताक्षर की भी अहमियत है। लोकतंत्र और हमारे संवैधानिक अधिकारों की रक्षा में आप सभी का योगदान बेहद जरूरी है।"

उन्होंने आगे कहा कि, "हमारे साथ आएं और 'एक व्यक्ति, एक वोट' के सिद्धांत को बचाने के लिए अपना समर्थन दर्ज कराएं। हम हर नागरिक के मतदान अधिकार और संविधान के मूल्यों की सुरक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जो हमें एक जीवंत लोकतंत्र बनाते हैं।"


राहुल गांधी का आरोप

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले, 18 सितंबर 2025 को राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर "वोट चोरी" में संलिप्त होने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था, "भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त वोट चोरों की रक्षा कर रहे हैं। यह आरोप मैं हल्के में नहीं लगा रहा हूं, बल्कि ठोस सबूतों के आधार पर कह रहा हूं।"

चुनाव आयोग का जवाब

राहुल गांधी के आरोपों पर चुनाव आयोग ने तुरंत प्रतिक्रिया दी। आयोग ने उनके बयान को "गलत और बेबुनियाद" करार देते हुए कहा, किसी भी वोट को ऑनलाइन तरीके से हटाया नहीं जा सकता। किसी भी मतदाता का नाम सूची से तभी हटाया जा सकता है, जब उसे सुनवाई का अवसर दिया गया हो।"

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि 2023 में अलंद विधानसभा क्षेत्र में वोट हटाने की कोशिश जरूर हुई थी, लेकिन वह नाकाम रही। उस मामले की जांच चुनाव आयोग के अधिकारियों ने कराई थी और एफआईआर भी दर्ज हुई थी। रिकॉर्ड के मुताबिक, 2018 में भाजपा के सुभाध गुट्टेदार और 2023 में कांग्रेस के बी.आर. पाटिल ने इस क्षेत्र से चुनाव जीता था।