{"vars":{"id": "125128:4947"}}

दिल्ली धमाका पर विपक्ष हमलावर : कहा-अमित शाह आजाद भारत के सबसे अयोग्य गृहमंत्री

सांसद महुआ मोइत्रा ने एक्स पर लिखा- भारत को सक्षम गृह मंत्री चाहिए, न कि ‘फुल टाइम हेट कैंपेन मिनिस्टर’

 
विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खरगे ने उठाए सवाल, जताया दुख

नई दिल्ली। दिल्ली में चांदनी चौक में लाल किले के पास हुए धमाके में 12 की मौत और 24 लोगों के घायल होने की घटना के बाद विपक्षी दल बीजेपी सरकार पर हमलावर हैं। इस पर विभिन्न दलों के नेताओं की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहाकि विस्फोट बेहद हृदयविदारक और चिंताजनक है। निर्दोष लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि सरकार को त्वरित और गहन जांच सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि इस चूक के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जा सके।

कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खरगे, टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा समेत कई नताओं ने गृह मंत्री की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। विपक्षी नेताओं ने केंद्र पर लापरवाही और नाकामी के गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रियांक खरगे ने कहा संभवतः अमित शाह आजाद भारत के सबसे अयोग्य गृह मंत्री हैं। किसी और देश या राज्य में होते तो उन्हें कैबिनेट से बाहर कर दिया जाता। लेकिन वे प्रधानमंत्री मोदी के राजदार हैं, इसलिए अछूते हैं। आखिर गृह मंत्री को जवाबदेह क्यों नहीं ठहराया जा रहा? क्या वे सिर्फ सरकारें गिराने और राजनीति करने के लिए हैं? उनकी अक्षमता के कारण और कितनी जानें जाएंगी?

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने धमाके पर चिंता जताई है और कहाकि प्रधानमंत्री भूटान के लिए रवाना हो गए हैं। इधर, देश में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है। लोगों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं। जब तक सरकार यह नहीं बताती कि यह धमाका क्या था, किसने किया और असल मामला क्या है, तब तक इस पर कुछ कहना सही नहीं होगा। राजधानी में ऐसा धमाका होना कई सवाल खड़े करता है। टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- भारत को एक सक्षम गृह मंत्री चाहिए, न कि ‘फुल टाइम हेट कैंपेन मिनिस्टर’। क्या अमित शाह का कर्तव्य सिर्फ नफरत फैलाना है? वे देश की सीमाओं और राजधानी दोनों की सुरक्षा में क्यों असफल हो रहे हैं? उन्होंने कहा कि यह हादसा देश की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

यूपी कांग्रेस प्रमुख अजय राय ने दिल्ली ब्लास्ट को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। कहा कि सरकार दावा करती है कि कोई घुसपैठिया देश में नहीं आ रहा, तो फिर ऐसी घटनाएं कैसे हो रही हैं? अजय राय ने कहा कुछ दिन पहले हमारे बच्चे पहलगाम में मारे गए। सबकुछ देखने के बाद भी  कहते हैं कि सब ठीक कर देंगे। 2019 के चुनाव से ठीक पहले पुलवामा में भी हमला हुआ था, लेकिन आज तक कोई जांच नहीं हुई। देश में तनाव का माहौल है और कई निर्दोष लोगों की जान जा चुकी है। कहाकि इस घटना की जिम्मेदारी अमित शाह पर है। उन्हें तुरंत इस्तीफा देना चाहिए और घर चले जाना चाहिए। शर्मनाक यह कि जब देश हादसे से जूझ रहा था गृह मंत्री कल चुनाव में व्यस्त थे।

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने भी कहा कि अगर हमारी राजधानी दिल्ली सुरक्षित नहीं है, तो ‘56 इंच’ को इसका जवाब देना होगा। हम राजनीति नहीं करना चाहते, लेकिन यह सरकार देश को सुरक्षित रखने में विफल रही है। गृह मंत्री अमित शाह को जिम्मेदारी लेनी चाहिए। पटोले ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा देश की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर स्पष्ट रही है। उन्होंने कहा पहलगाम घटना के वक्त राहुल गांधी ने भी कहा था कि हम सरकार के साथ हैं, लेकिन अब भाजपा इस घटना को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के नाम पर राजनीतिक रंग दे रही है, जो पूरे देश ने देखा।