NCC Day 2025: 20 हजार कैडेट्स से शुरू होकर 20 लाख तक का सफर, एनसीसी ने मनाया 78वां स्थापना दिवस
1948 में शुरू हुआ NCC आज दुनिया का सबसे बड़ा वर्दीधारी युवा संगठन बन चुका है। देश के 713 जिलों में इसकी पहुंच, आधुनिक ट्रेनिंग, महिला भागीदारी और जनसेवा से युवा शक्ति को मिल रही नई दिशा।
नई दिल्ली। राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नेशनल कैडेट कोर (NCC) ने रविवार को अपना 78वां स्थापना दिवस मनाया। 1948 में सिर्फ 20 हजार कैडेट्स के साथ शुरू हुआ NCC आज 20 लाख से ज्यादा युवाओं के साथ दुनिया का सबसे बड़ा वर्दीधारी युवा संगठन बन चुका है।
1948 में हुई NCC की शुरुआत
NCC की नींव स्वतंत्रता के तुरंत बाद रखी गई थी। H.N. कुंजुरु कमेटी ने राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं की ट्रेनिंग का खाका तैयार किया, जिसके बाद
- 16 अप्रैल 1948 को NCC Act पारित हुआ,
- और 15 जुलाई 1948 से आधिकारिक संचालन शुरू हुआ।
NCC को दिशा देने में ब्रिगेडियर एम.एल. रावत की बड़ी भूमिका रही, जिन्हें एनसीसी का पिता कहा जाता है। तत्कालीन उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने भी इस भूमिका की पुष्टि की थी।
20 हजार से 20 लाख कैडेट्स तक का सफर
शुरुआत में NCC में केवल 20,000 कैडेट्स थे, लेकिन देश की युवा ऊर्जा और अनुशासन के प्रति बढ़ती रुचि ने इसे आज 20 लाख कैडेट्स तक पहुंचा दिया।
सिर्फ 2014 से 2025 के बीच ही NCC में 6 लाख नए कैडेट्स जुड़े, यह बताता है कि युवा पीढ़ी में अनुशासन, नेतृत्व और सैन्य सेवा की प्रेरणा कितनी तेजी से बढ़ी है।
भारत के 713 जिलों तक NCC की पहुंच
देश के 780 में से 713 जिलों में NCC की यूनिट्स सक्रिय हैं। चाहे गांव के छोटे स्कूल हों या बड़े महानगरीय कॉलेज - NCC हर कोने तक पहुंच चुका है। यही वजह है कि यह संगठन आज देश के युवाओं तक अनुशासन, देशभक्ति और नेतृत्व की भावना पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम बन गया है।
जनसेवा: NCC की पहचान
NCC केवल सैन्य प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है। cadets समाज सेवा में भी अग्रणी भूमिका निभाते हैं-
- रक्तदान शिविर
- वृक्षारोपण
- स्वच्छता अभियान
- नशा मुक्ति जागरूकता
हर कैडेट को यह संदेश दिया जाता है कि सच्चा नेतृत्व वही है जो समाज को उठाए।
आधुनिक ट्रेनिंग से लैस नई पीढ़ी
समय के साथ NCC ने अपने ट्रेनिंग मॉड्यूल को भी आधुनिक बनाया है।
आज NCC कैडेट्स को मिलती है—
- ड्रोन ट्रेनिंग
- साइबर वारफेयर मॉड्यूल
- डिजास्टर मैनेजमेंट ट्रेनिंग
- माउंट एवरेस्ट अभियानों में भागीदारी
यह बताता है कि NCC सिर्फ परंपरा नहीं, बल्कि भविष्य की जरूरतों के अनुरूप खुद को विकसित कर रहा है।
महिला कैडेट्स: नेतृत्व की नई मिसाल
NCC में लड़कियों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
78वें स्थापना दिवस पर महिला कैडेट्स ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर व्रीथ लेइंग सेरेमनी में हिस्सा लिया।
एनसीसी में रैंक और सम्मान प्रतिभा के आधार पर मिलते हैं, न कि gender के आधार पर।