रहस्यमयी बीमारी: पानी से बाहर आते ही जलने लगता था शरीर, तालाब में दिन-रात रहने वाले किशोर की मदद को आगे आए अनंत अंबानी
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद से एयरलिफ्ट कर मुंबई लाया गया 15 वर्षीय इकबाल; रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल के डॉक्टर कर रहे हैं जांच
मुर्शिदाबाद/मुंबई (भदैनी मिरर न्यूज़): पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले का एक किशोर इन दिनों अपनी बेहद अजीब और रहस्यमयी शारीरिक स्थिति को लेकर देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक दुर्लभ और परेशान करने वाली बीमारी के चलते यह किशोर दिन-रात गांव के तालाबों में ही डूबा रहता है। जैसे ही वह पानी से बाहर आता है, उसके पूरे शरीर में असहनीय तेज जलन होने लगती है।
मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मशहूर उद्योगपति अनंत अंबानी ने मानवीय पहल करते हुए पीड़ित किशोर की मदद का हाथ बढ़ाया है।
तालाब में बैठकर खाना खाता था किशोर, वीडियो हुआ वायरल
पीड़ित किशोर का नाम इकबाल बताया जा रहा है, जो मुर्शिदाबाद का निवासी है। परिजनों के मुताबिक, इकबाल सुबह से लेकर देर रात तक गांव के तालाब के पानी में ही डूबा रहता था। कभी-कभी वह एक तालाब से निकलकर दूसरे जलाशय में चला जाता। हाल ही में सोशल मीडिया पर उसका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह तालाब के पानी में तैरते और खड़े होकर स्नैक्स खाता नजर आ रहा था।
इकबाल ने बताया था कि पानी से बाहर निकलते ही उसके शरीर में तेज आग जैसी जलन होती है, जिससे राहत पाने के लिए उसे मजबूरन पानी के अंदर रहना पड़ता है। परिजनों की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण वे उसका उचित इलाज कराने में असमर्थ थे।
अनंत अंबानी ने कराया एयरलिफ्ट, मुंबई के अस्पताल में भर्ती
मामले की जानकारी मिलते ही अनंत अंबानी ने तत्काल मदद के निर्देश दिए। इसके बाद इकबाल को पश्चिम बंगाल से विशेष एयरलिफ्ट व्यवस्था के जरिए मुंबई लाया गया। वर्तमान में उसे सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल (Sir HN Reliance Foundation Hospital) में भर्ती कराया गया है, जहां शीर्ष विशेषज्ञों की टीम उसकी दुर्लभ स्थिति और स्किन कंडीशन की गहन जांच कर रही है।
डॉक्टरों ने जताई गंभीर संक्रमण की आशंका
मेडिकल विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक पानी में रहने से त्वचा में 'मैसरेशन' (Maceration) की स्थिति बन जाती है, जिससे स्किन सफेद, बेहद कमजोर और नरम पड़ जाती है। त्वचा रोग विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार गीला रहने से त्वचा में गंभीर फंगल व बैक्टीरियल संक्रमण, दरारें और जलन का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
मुंबई के अस्पताल में वरिष्ठ डॉक्टरों की देखरेख में इकबाल के विभिन्न टेस्ट किए जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसे पानी से बाहर आने पर जलन क्यों होती है और क्या यह कोई दुर्लभ जेनेटिक या डर्मेटोलॉजिकल (त्वचा संबंधी) विकार है।