MP News: रसगुल्ला समझकर खाया और हो गया जोरदार धमाका, डिंडौरी में देसी बम से युवक की दर्दनाक मौत
डिंडौरी जिले के पड़रिया छांटा गांव की दहला देने वाली घटना; दिवाली के बहाने पड़ोसी ने दिया था सुअर मारने वाला खतरनाक बम, फॉरेंसिक जांच जारी।
डिंडौरी / भोपाल (भदैनी मिरर): मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां हंसी-मज़ाक के दौरान एक युवक को 'रसगुल्ला' बताकर देसी बम खिला दिया गया। मुंह में जाते ही बम जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
यह खौफनाक घटना डिंडौरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के पड़रिया छांटा गांव की है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय राजेंद्र बरौतिया के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना की शाम राजेंद्र अपने घर के आंगन में परिवार (पत्नी, बच्चे और नानी) के साथ आग ताप रहे थे।
इसी दौरान उनका पड़ोसी राम भगत सिंह बरौतिया वहां पहुंचा और दोनों आग के पास बैठकर हंसी-मज़ाक करने लगे। आरोप है कि राम भगत ने दीपावली के त्यौहार का जिक्र करते हुए राजेंद्र को छोटी गेंद के आकार की एक चीज दी और उसे 'रसगुल्ला' समझकर चखने के लिए कहा। राजेंद्र की पत्नी सुशीला बाई ने बताया कि जैसे ही उनके पति ने उसे मुंह में रखकर चबाया, एक भयानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि राजेंद्र का जबड़ा बुरी तरह उड़ गया और उनका चेहरा एक सेकंड में पहचानना भी मुश्किल हो गया। परिजन उन्हें तुरंत डिंडौरी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कहाँ से आया था यह खतरनाक बम?
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि इस मामले में गिरफ्तार दूसरे आरोपी को यह विस्फोटक जंगल में मिला था, जिसे उसने राम भगत सिंह को दिया था। इसके बाद राम भगत ने मजाक-मजाक में या साजिश के तहत इसे राजेंद्र को रसगुल्ला बताकर थमा दिया। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह विस्फोटक जंगल में कहां से आया था और इसे वहां किसने रखा था।
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों और मृतक राजेंद्र के बीच किसी पुरानी रंजिश या दुश्मनी का कोई मामला नहीं था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत गंभीर मामला दर्ज कर लिया है।
कितना खतरनाक होता है 'सुअर मार बम'?
विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे देसी विस्फोटकों (जिन्हें 'पिग बम' या सुअर मार बम कहा जाता है) का इस्तेमाल मध्य भारत के ग्रामीण इलाकों में जंगली सुअरों और अन्य छोटे जानवरों को मारने के लिए किया जाता है। इन्हें खाने की चीजों में छिपाकर रखा जाता है। इसमें अमोनियम नाइट्रेट और नाइट्रेट जेली जैसे संवेदनशील रसायनों का इस्तेमाल होता है, जो दबाव या कुचलने पर तीव्र गैस बनाते हैं और तुरंत जोरदार विस्फोट कर देते हैं ताकि प्रभावित अंग बुरी तरह क्षत-विक्षत हो जाए।
डिंडौरी पुलिस ने घटनास्थल से विस्फोटक के अवशेष और अन्य सैंपल एकत्र कर फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) जांच के लिए भेज दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।