{"vars":{"id": "125128:4947"}}

मिर्जापुर में धर्म परिवर्तन गैंग का मास्टरमाइंड इमरान खान दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार

दिल्ली कोर्ट में पेशी के बाद ट्रांजिट रिमांड पर लेकर मिर्जापुर आ रही पुलिस, होगी पूछताछ

 

पत्नी और बच्चों के साथ दुबई भागने की फिराक में था, जारी किया गया था लुक आउट नोटिस

जिम की आड़ में चलता था धर्मातरण का खेल, 25 हजार रूपये का इनाम भी था घोषित 

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के जिम में चल रहे धर्मांतरण के खेल का मास्टरमाइंड इमरान खान को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। इमरान को शुक्रवार की रात को ही पकड़ लिया गया था। इसकी जानकारी अब सार्वजनिक हुई। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार का ईनाम भी घोषित था। इमरान जिम में दोस्ती कर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमैल करने और धर्मांतरण गैंग का मुख्य सरगना है और परिवार के साथ दुबई भागने की फिराक में एयरपोर्ट तक पहुंच गया था। दिल्ली एयरपोर्ट पर इमीग्रेशन विभाग ने पकड़कर दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया। दिल्ली में इमरान के पकड़े जाने की सूचना पर मिर्जापुर पुलिस शनिवार की सुबह दिल्ली पहुंची। अब उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर मिर्जापुर आ रही है। 

डीआईजी सोमेन वर्मा ने शनिवार की शाम पुलिस लाइन स्थित सभागर में जानकारी दी और बताया कि छह आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। जांच और पूछताछ में में पता चला कि केजीएन जिम की चेन इमरान ने शुरू की। इसके बाद जिम को अपने भाई जहीर व जीजा सादाब को दे दिया। खुद प्रॉपर्टी का काम करने लगा। मामले में मुख्य सरगना इमरान खान और उसके भाई असफाक उर्फ लकी अली खान को गिरफ्तार करने के लिए चार टीमें लगाई गईं थी। खुफिया विभाग भी सक्रिय हो गया था। इसी बीच खुफिया विभाग से सूचना मिली कि इमरान खान व लकी अली खान भारत छोड़कर जाने वाले हैं। इसके बाद लुक आउट नोटिस जारी किया गया। देश के सभी एयरपोर्ट, बंदरगाह और बार्डर सिक्योरिटी फोर्स को भेजा गया। 23 जनवरी को इमरान अपने परिवार के साथ दिल्ली एयरपार्ट से दुबई भागने वाला था, तभी इमीग्रेशन विभाग ने पकड़ लिया। उसके साथ उसके पत्नी और बच्चे भी थे। 

आपको बता दें कि दिल्ली पुलिस की सूचना पर मिर्जापुर देहात कोतवाली पुलिस फ्लाइट से दिल्ली पहुंची। शनिवार की सुबह उसे पटियाला कोर्ट में प्रस्तुत किया गया। वहां पर ट्रांजिट रिमांड बनवाकर सड़क मार्ग से मिर्जापुर लेकर आया जा रहा है। मिर्जापुर आने पर उसे न्यायिक मजिस्ट्रेट के कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद उससे पूछताछ की जायेगी। आपको बता दें कि इधर, डीआईजी की प्रेसवार्ता से पहले इमरान की पत्नी का वीडियो वायरल हो गया। इसमें वह बता रही है कि सालगिरह मनाने दुबई जाने से पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ लिया गया। दिल्ली पुलिस ने पति को मिर्जापुर पुलिस को सौंपा है। मिर्जापुर पुलिस कुछ नहीं बता रही है। सीएम योगी से विनती है कि पति से पूछताछ की जाए, लेकिन उन्हें नुकसान ना पहुंचाया जाए। गौरतलब है कि धर्मांतरण के मामले में मिर्जापर में छह जिमों को सील किया जा चुका है।

एसपी सोमेन वर्मा ने बताया कि आरोपित इमरान के के खिलाफ पहले ही लुक आउट नोटिस जारी था। वह पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड है। वह केजीएन जिम की फ्रेंचाइजी खोलता था। उसे चलाने की जिम्मेदारी अपने भाइयों या दूसरे को देता था, जो धर्मांतरण करा सकें। 20 जनवरी को दो लड़कियों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। इसके बाद 21 जनवरी को 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। 22 जनवरी को एक आरोपी को एनकाउंटर में पकड़ा गया। इसी शाम गैंग में शामिल एक जीआरपी के हेड कॉन्स्टेबल को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपितों के पास से पुलिस ने 50 से अधिक लड़कियों के फोटो, वीडियो और चैट बरामद किए हैं। पकड़े गए लोगों पर आरोप है कि वे जिम आने वाली हिंदू लड़कियों को निशाना बनाते थे। जिम के मालिक और ट्रेनर हिंदू लड़कियों को उनके अश्लील एआई वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करते थे और धर्म परिवर्तन का दबाव डालते थे।