LPG किल्लत : लोकसभा में विपक्ष का हंगामा, लगाये नारे ‘नरेंदर भी गायब और सिलेंडर भी गायब‘
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा-PM मोदी ने एनर्जी सिक्योरिटी से समझौता किया है, बड़ी समस्या आने वाली है
देश को कह रहे घबराने की जरूरत नही और खुद अडानी केस, एपस्टीन फाईल से घबराये हुए हैं
नई दिल्ली। लोकसभा में गुरुवार को विपक्षी सांसदों ने देश में LPG सिलेंडर संकट के मुद्दे पर जमकर हंगामा किया। लोकसभा में इनदिनों पीएम मोदी संसद नही आ पा रहे हैं। सांसदों ने संसद के बाहर धरना दिया और ’नरेंदर भी गायब, सिलेंडर भी गायब’ के नारे लगाए। इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व सांसद राहुल गांधी ने सरकार से एलपीजी की कमी से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने एनर्जी सिक्योरिटी से समझौता किया है, इसलिए बड़ी समस्या आने वाली है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राहुल गांधी के नोटिस के बाद संसद गैस संकट पर चर्चा के लिए तैयार हो गई है। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी आज संसद में इसपर जवाब देंगे। लेकिन बहस की शुरुआत राहुल गांधी करेंगे। विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव बुधवार को खारिज हो जाने के बाद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला 10 फरवरी के बाद अध्यक्ष की चेयर पर बैठे। इधर, कुकिंग गैस संकट को लेकर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। कहा कि प्रधानमंत्री बोल रहे हैं कि घबराने की जरूरत नहीं लेकिन वह खुद बहुत घबराए हुए हैं। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री खुद अलग-अलग वजहों से घबराए हुए हैं। इसलिए वह सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेने के लिए सदन नहीं आ रहे हैं।
उनकी घबराहट की असली वजह अडानी केस, एपस्टीन फाईल है। यही वजह है कि वह सदन के अंदर नहीं आ पा रहे हैं। जो खुद घबराया हुआ है वह देश से कह रहा कि घबराने की जरूरत नही है। इस बीच, संसद परिसर में विपक्ष के सांसदों ने गैस सिलेंडर की समस्या को लेकर धरना प्रदर्शन किया। राहुल गांधी देश भर में एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी की खबरों को लेकर संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन कर रहे विपक्षी नेताओं के साथ शामिल हुए। आपको बता दें कि पश्चिम एशिया में ‘युद्ध‘ के कारण रसोई गैस की किल्लत के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को लोगों से न घबराने की अपील की थी। जनता के हितों की रक्षा का आश्वासन दिया था। इसी पर राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है।