{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Kupwara Encounter: कुपवाड़ा में LoC के पास सेना को बड़ी कामयाबी, केरन सेक्टर में मुठभेड़ के दौरान 2 आतंकवादी ढेर

शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे जुमागुंड इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़, सर्च ऑपरेशन जारी

 

श्रीनगर (भदैनी मिरर): जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास भारतीय सेना को एक बड़ी कामयाबी मिली है। शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे कुपवाड़ा के केरन सेक्टर स्थित जुमागुंड इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए हैं। फिलहाल इलाके में सुरक्षाबलों द्वारा सघन तलाशी अभियान (Search Operation) चलाया जा रहा है।

संदिग्ध गतिविधि देखते ही जवानों ने की कार्रवाई

अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तरी कश्मीर के इस संवेदनशील इलाके में सतर्क जवानों ने कुछ संदिग्ध गतिविधियां भांपी थीं। इसके बाद जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आतंकवादियों को चुनौती दी और उन्हें रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद भारतीय सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब देते हुए दो आतंकियों को ढेर कर दिया। यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह पूरी तरह से घुसपैठ की कोशिश थी या स्थानीय स्तर पर आतंकियों की कोई अन्य गतिविधि।

सर्दियों से पहले बढ़ जाती हैं घुसपैठ की कोशिशें

विशेषज्ञों के अनुसार, नियंत्रण रेखा पर जैसे-जैसे सर्दियां नजदीक आती हैं, घुसपैठ की कोशिशों में तेजी आ जाती है। आने वाले दिनों में भारी बर्फबारी के कारण पहाड़ी दर्रे बंद हो जाते हैं और रास्ते दुर्गम हो जाते हैं, जिससे पहले आतंकवादी किसी तरह घाटी में घुसने की फिराक में रहते हैं। इसे देखते हुए भारतीय सेना ने LoC के सभी संवेदनशील हिस्सों में गश्त, निगरानी और नियंत्रण अभियानों को और अधिक तेज कर दिया है, ताकि देश विरोधी ताकतों के मंसूबों को नाकाम किया जा सके।

गौरतलब है कि इससे पहले पिछले महीने (17 सितंबर 2026) भी जम्मू के उधमपुर जिले में एक सुरक्षा ऑपरेशन के दौरान जैश-ए-मोहम्मद के दो पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए थे, जिनके पास से भारी मात्रा में अत्याधुनिक हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ था। सुरक्षाबल घाटी में पूरी तरह से मुस्तैद हैं।