Kishtwar News: किश्तवाड़ से लापता दोनों SPO के गोलियों से छलनी शव बरामद, आतंकियों ने लूटे हथियार; इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज
मृतकों की पहचान बाबी चंद और रशपाल कुमार के रूप में हुई; सेना की राष्ट्रीय राइफल्स और पुलिस ने घने जंगलों की घेराबंदी की
जम्मू/राष्ट्रीय डेस्क (भदैनी मिरर): जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) के किश्तवाड़ जिले से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आई है। जिले के दुर्गम दच्छन इलाके से बुधवार को लापता हुए दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) के गोलियों से छलनी शव बरामद किए गए हैं। अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शहीद हुए दोनों जवानों के सरकारी हथियार भी घटनास्थल से गायब हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि आतंकियों ने घात लगाकर इस कायराना वारदात को अंजाम दिया और हथियार लूट ले गए।
कैंप से सेना की चौकी के लिए निकले थे दोनों जवान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों जवान स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) में तैनात थे। शहीद जवानों की पहचान बाबी चंद और रशपाल कुमार के रूप में हुई है। बुधवार को दोनों जवान कियार गांव स्थित अपने कैंप से धरना-मरवाह में सेना की चौकी की ओर जाने के लिए निकले थे, लेकिन वे निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचे।
कुछ समय बाद दोनों के मोबाइल फोन भी बंद आने लगे। इसी बीच स्थानीय ग्रामीणों ने इलाके में गोलीबारी (फायरिंग) की आवाजें सुनने की जानकारी दी, जिसके बाद सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया।
राष्ट्रीय राइफल्स और पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन
जवानों से संपर्क टूटने और फायरिंग की सूचना मिलते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस और भारतीय सेना की राष्ट्रीय राइफल्स (Rashtriya Rifles) ने संयुक्त रूप से बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया। दुर्गम पहाड़ी रास्तों और घने जंगलों में चलाए गए इस सघन अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को दोनों जवानों के शव बरामद हुए।
फिलहाल पूरे इलाके की कड़ी घेराबंदी कर दी गई है और अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात कर फरार आतंकियों की तलाश में कॉम्बिंग ऑपरेशन (Combing Operation) तेज कर दिया गया है।
किश्तवाड़ में आतंकवाद के खिलाफ जारी है अभियान
किश्तवाड़ के दूरदराज और घने जंगलों से घिरे पहाड़ी इलाकों में छिपे आतंकियों के सफाए के लिए सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक:
- वर्ष 2026: अब तक आतंकी घटनाओं और मुठभेड़ों में चार आतंकी ढेर किए जा चुके हैं, जबकि सेना का एक जवान शहीद हुआ है।
- वर्ष 2025: जिले में तीन आतंकी मारे गए थे और एक जवान ने सर्वोच्च बलिदान दिया था।
- वर्ष 2024: विभिन्न आतंकी घटनाओं में तीन सुरक्षाकर्मी शहीद हुए थे और दो आम नागरिकों की जान गई थी।