{"vars":{"id": "125128:4947"}}

इंजन में आग के बाद तुर्किश एयरलाइंस के विमान का कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग, 236 यात्री सुरक्षित

टेकऑफ के तुरंत बाद फेल हुआ एक इंजन, पायलटों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा; नेताजी सुभाष चंद्र बोस एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

 

कोलकाता/काठमांडू। काठमांडू से इस्तांबुल जा रहे तुर्किश एयरलाइंस के एक वाइडबॉडी विमान को बुधवार दोपहर तकनीकी खराबी के चलते आपात स्थिति में कोलकाता की ओर मोड़ना पड़ा। उड़ान संख्या THY-727 के एक इंजन में खराबी आने के बाद पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतार दिया। विमान में सवार सभी 236 यात्रियों और 11 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, विमान ने नेपाल के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दोपहर करीब 1:29 बजे उड़ान भरी थी। टेकऑफ के कुछ ही देर बाद, जब विमान ऊंचाई पकड़ रहा था, तभी पायलटों को संकेत मिला कि दो इंजनों में से एक इंजन काम करना बंद कर चुका है।

स्थिति का आकलन करने के लिए चालक दल ने कुछ समय तक नेपाल के धाडिंग जिले के धरके इलाके के ऊपर विमान को ‘होल्ड’ पर रखा। इसके बाद सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए अंतरराष्ट्रीय उड़ान को एक इंजन के सहारे जारी रखने के बजाय भारत के कोलकाता एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया गया।

हालांकि पायलटों के पास काठमांडू लौटने या भैरहवा एयरपोर्ट पर उतरने का विकल्प मौजूद था, लेकिन तकनीकी जोखिम को देखते हुए कोलकाता को सुरक्षित विकल्प माना गया।

दोपहर 3:03 बजे हुई सुरक्षित लैंडिंग

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, हाई अलर्ट और इमरजेंसी प्रोटोकॉल के बीच विमान ने दोपहर करीब 3:03 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। मौके पर दमकल, मेडिकल और सुरक्षा टीमें पहले से तैनात थीं।
अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल विमान की विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है, जबकि यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था पर काम शुरू कर दिया गया है।

पायलटों की तत्परता और सही निर्णय से एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जिससे सैकड़ों लोगों की जान बच सकी।