'पाकिस्तान नापाक हरकत करेगा तो सेना घर में घुसकर मारेगी' — SRCC के शताब्दी समारोह में बोले PM मोदी
श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स की 100वीं वर्षगांठ पर पहुंचे प्रधानमंत्री; जेन-जी कनेक्ट से लेकर 2013 के अपने ऐतिहासिक भाषण और भारत की 7.8% ग्रोथ रेट का किया जिक्र
भदैनी मिरर (नेशनल डेस्क): दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के प्रतिष्ठित 'श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स' (SRCC) के शताब्दी समारोह (100वीं वर्षगांठ) के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों और पूर्व विद्यार्थियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने युवाओं और जेन-जी (Gen-Z) से कनेक्ट करते हुए कहा कि "इस कॉलेज से निकले लोग 'ओजी' (OG) रहे हैं और हर क्षेत्र में देश-दुनिया में धूम मचा रहे हैं।"
समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने आतंकवाद, देश की आर्थिक तरक्की और 2013 के अपने पुराने भाषण की यादों को भी साझा किया।
आतंकवाद और पाकिस्तान पर तीखा प्रहार
आतंकवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर कड़ा संदेश देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भारत की नीति स्पष्ट और सख्त है।
-
घर में घुसकर मारती है सेना: पीएम मोदी ने कहा कि "एक समय था जब आतंकी बेकाबू थे और पाकिस्तान बेलगाम। आज का दिन है जब आतंकवाद फैलाने वाले पस्त हैं। अगर पाकिस्तान कोई भी नापाक हरकत करता है, तो हमारी भारतीय सेना घर में घुसकर मारती है।" उन्होंने यह भी जोड़ा कि देश में नक्सलवाद की कमर पूरी तरह तोड़ी जा चुकी है।
2013 के संबोधन को किया याद
अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने वर्ष 2013 में इसी मंच से दिए गए भाषण का जिक्र करते हुए कहा कि "तब मैं मुख्य विपक्षी दल का सदस्य था। लोग सोच रहे थे कि मैं तत्कालीन केंद्र सरकार पर जमकर आरोप लगाऊंगा, लेकिन मैंने इस मंच का उपयोग राजनीति के लिए नहीं किया। मैंने सिर्फ एक सकारात्मक विजन देश के सामने रखा था और आज भी उसी रास्ते पर चल रहा हूं।" उन्होंने कहा कि 2013 में घोटाले चरम पर थे और विकास फर्श पर था, जबकि आज स्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं।
7.8% की इकोनॉमिक ग्रोथ और ग्लोबल विजन
वैश्विक मंदी और पश्चिम एशिया (West Asia) में चल रहे युद्धों के तनाव के बीच भारत की आर्थिक प्रगति पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा:
-
मजबूत अर्थव्यवस्था: ट्रेड से जुड़ी अड़चनों और वैश्विक संकट के बावजूद भारत की 7.8% की जीडीपी ग्रोथ भारतीय युवाओं के सामर्थ्य को दर्शाती है।
-
वैश्विक नेतृत्व: आज भारतीय मूल के लोग दुनिया की टॉप कंपनियों को लीड कर रहे हैं। अब वक्त आ गया है कि भारतीयों द्वारा बनाई गई कंपनियां पूरी दुनिया को लीड करें।
समारोह के दौरान पीएम मोदी ने SRCC के पूर्व छात्र और पूर्व वित्त मंत्री दिवंगत अरुण जेटली को भी याद किया और संस्थान को पीढ़ियों का उज्ज्वल भविष्य बनाने वाला प्रेरणास्रोत बताया।