{"vars":{"id": "125128:4947"}}

महाराष्ट्र में IAS तुकाराम मुंढे का कड़ा एक्शन: FDA ने 2,48,500 लाख के फूड स्टॉक किए जब्त

बिना लाइसेंस चल रहे होटलों को मिला क्लोजर नोटिस; घाटकोपर की दुकान में कीड़े मिलने पर लाइसेंस निलंबित, 2 गिरफ्तार

 

 

मुंबई (भदैनी मिरर)। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के कमिश्नर IAS तुकाराम मुंढे के सख्त निर्देशों के बाद विभाग ने मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान छेड़ दिया है। FDA की टीम ने बृहन्मुंबई सहित पुणे, कोंकण, नासिक, छत्रपति संभाजीनगर और नागपुर में बड़े पैमाने पर छापेमारी कर लाखों रुपये का प्रतिबंधित और मिलावटी खाद्य स्टॉक जब्त किया है।

 

 

इस कार्रवाई के दौरान मिठाई, डेयरी उत्पाद, मसाले, तेल, बेकिंग सामग्री और पैकेज्ड फूड आइटम्स की गुणवत्ता में भारी गड़बड़ियां पाई गईं, जिसके चलते कई प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए और कारोबार बंद करने के नोटिस जारी किए गए।

घाटकोपर में दुकान में मिले कीड़े, लाइसेंस निलंबित

22 सितंबर को FDA की टीम ने मुंबई के घाटकोपर ईस्ट (पटेल चौक) स्थित एक प्रतिष्ठान की जांच की। जांच के दौरान दुकान में भारी गंदगी, कीड़ों की मौजूदगी, और खाद्य सुरक्षा व मानक नियम 2011 (शेड्यूल-4) के स्वच्छता मानकों का घोर उल्लंघन पाया गया। वहां तापमान-संवेदनशील खाद्य पदार्थों के रख-रखाव और नियमित सफाई व ऑडिट की कोई व्यवस्था नहीं थी, जिसके बाद अधिकारियों ने तुरंत उस दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया।

2.48 लाख का प्रतिबंधित सामान जब्त, दो गिरफ्तार

बृहन्मुंबई क्षेत्र में ही एक अन्य ठिकाने पर कार्रवाई करते हुए एफडीए ने करीब 2.48 लाख रुपये का प्रतिबंधित खाद्य सामान जब्त किया। इस मामले में खाद्य सुरक्षा और मानक कानून 2006 के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुणे और कोंकण में भी गिरी गाज

  • पुणे डिवीजन: सांगली स्थित 'होटल उत्कर्ष पैलेस' और सोलापुर के 'गुलजार प्लेस' को बिना वैध FSSAI लाइसेंस के संचालन करने पर तुरंत कारोबार बंद करने (क्लोजर) का नोटिस थमाया गया है।

  • नवी मुंबई व रायगढ़: नवी मुंबई में लेबलिंग नियमों के उल्लंघन और गंदगी मिलने पर 2.18 लाख रुपये मूल्य का 1,988 किलोग्राम खाद्य सामान जब्त किया गया। वहीं रायगढ़ में अमानक एगलेस केक मिक्स, बेकिंग पाउडर, कॉर्न फ्लोर, इंस्टेंट मिक्स और कस्टर्ड पाउडर जैसी सामग्रियां जब्त की गईं।